Bhopal में 21.7 किलो गांजा जब्त, 26 साल का युवक गिरफ्तार; ₹5.55 लाख बताई कीमत

भोपाल के शाहजहांनाबाद थाना पुलिस ने रितिक जाटव को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया. 21.729 किलो गांजा और 19,650 रुपये नकद जब्त किए गए.

Bhopal में 21.7 किलो गांजा जब्त, 26 साल का युवक गिरफ्तार; ₹5.55 लाख बताई कीमत

Bhopal News: राजधानी भोपाल में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शाहजहांनाबाद थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में 26 साल के युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर कुल 21.729 किलोग्राम गांजा जब्त किया है. इसकी कीमत करीब 5 लाख 55 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा बेचकर कमाए गए 19,650 रुपये भी जब्त किए हैं.

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान रितिक जाटव (26), निवासी बंजारा बस्ती, टीबी अस्पताल के पीछे, शाहजहांनाबाद, भोपाल के रूप में हुई है. मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर गांजे की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई

पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद शाहजहांनाबाद थाना पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की.तलाशी के दौरान आरोपी के पास रखी प्लास्टिक की बोरी से 1.454 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर अपने घर के पीछे गांजा और उसे बेचकर मिली रकम छिपाकर रखने की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चार पैकेटों में रखा 20.302 किलोग्राम गांजा बरामद किया.

कुल 21.729 किलो गांजा और नकदी जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 21.729 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 5.55 लाख रुपये बताई गई है. इसके अलावा गांजा बेचकर कमाए गए 19,650 रुपये भी जब्त किए गए हैं.

पुलिस ने आरोपी रितिक जाटव के खिलाफ अपराध क्रमांक 653/26 के तहत NDPS एक्ट की धारा 8/20 में मामला दर्ज किया है. आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की विवेचना की जा रही है.

आरोपी के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं मामले

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी और अड़ीबाजी जैसे आरोपों में प्रकरण दर्ज हैं.

शाहजहांनाबाद थाना पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है. नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए मुखबिर तंत्र के माध्यम से जानकारी जुटाकर कार्रवाई की जा रही है.

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उमेश पाल सिंह चौहान सहित उपनिरीक्षक राजीव पुरोहित, योगिता जैन, माधव सिंह परिहार और पुलिस टीम के अन्य कर्मचारियों की भूमिका रही.