बडगाम एनकाउंटर में मारा गया लश्कर का आतंकी यासिर, पाकिस्तान से था कनेक्शन; ऑपरेशन अशदर जारी
बडगाम के युसमर्ग इलाके में सुरक्षाबलों ने एनकाउंटर के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के पाकिस्तानी आतंकी यासिर को मार गिराया। ऑपरेशन अशदर के तहत इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
जम्मू-कश्मीर के बडगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। युसमर्ग के ऊंचाई वाले इलाके में चलाए गए ऑपरेशन अशदर के दौरान सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मारे गए आतंकी की पहचान यासिर के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, यासिर पाकिस्तानी नागरिक और प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़ा था।
खुफिया इनपुट पर शुरू हुआ था ऑपरेशन
सुरक्षाबलों को बडगाम के अशदर गली इलाके में आतंकियों की मौजूदगी और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF ने संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया।
तलाशी के दौरान जवानों को संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। सुरक्षाबलों ने जब संदिग्ध आतंकियों को चुनौती दी तो उनकी तरफ से फायरिंग शुरू कर दी गई। इसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई, जिसमें एक आतंकी मारा गया। मौके से AK सीरीज की राइफल और अन्य युद्ध सामग्री बरामद की गई।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया पाकिस्तानी नागरिक
मुठभेड़ के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मारे गए आतंकी की पहचान यासिर के तौर पर की। पुलिस के मुताबिक, वह पाकिस्तानी नागरिक और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हुआ था। सुरक्षा एजेंसियां अब यासिर के नेटवर्क, उसके कश्मीर पहुंचने के रास्ते और अन्य आतंकियों से उसके संपर्कों की जांच कर रही हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यासिर पहले लश्कर से जुड़े सुलैमान मूसा ग्रुप के साथ भी रहा था। बाद में अलग होकर वह युसमर्ग इलाके में सक्रिय था। हालांकि, उसके नेटवर्क और हाल की आतंकी गतिविधियों में उसकी भूमिका को लेकर जांच जारी है।
जंगलों में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी
एक आतंकी के मारे जाने के बावजूद सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान जारी रखा है। आशंका है कि कुछ और आतंकी घने जंगलों में छिपे हो सकते हैं। मुश्किल पहाड़ी और जंगल वाले इलाके के कारण सुरक्षाबलों को ऑपरेशन में चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
अशदर गली का इलाका रणनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जाता है। यह क्षेत्र पीर पंजाल की पहाड़ियों के जरिए कश्मीर घाटी को जम्मू के पुंछ क्षेत्र से जोड़ता है। ऐसे में सुरक्षाबलों ने इलाके में निगरानी और तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
कई महीनों बाद कश्मीर घाटी में बड़ी मुठभेड़
बडगाम का यह एनकाउंटर कश्मीर घाटी में कई महीनों के अंतराल के बाद हुई प्रमुख मुठभेड़ों में से एक है। सुरक्षाबल लगातार खुफिया इनपुट के आधार पर जंगल और ऊंचाई वाले इलाकों में ऑपरेशन चला रहे हैं, ताकि आतंकियों की मौजूदगी और उनकी गतिविधियों पर लगाम लगाई जा सके।

