Chitrakoot Gangrape Case: 50 हजार का इनामी आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
चित्रकूट देवांगना घाटी गैंगरेप केस में पुलिस ने 50 हजार के इनामी आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि एक सिपाही भी घायल हुआ। दो आरोपी अभी फरार हैं।
सतना। चित्रकूट के चर्चित देवांगना घाटी गैंगरेप मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि आरोपी की फायरिंग में एक सिपाही भी घायल हो गया। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से दो देशी कट्टे, वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की बाइक और अन्य सामान भी बरामद किया है। मामले के दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
मडफा पहाड़ के जंगल में हुई मुठभेड़
चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को सूचना मिली थी कि गैंगरेप के आरोपी भरतकूप थाना क्षेत्र के मडफा पहाड़ स्थित हुड़ा रोड के आसपास छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और सर्विलांस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी। शाम करीब 4:50 बजे पुलिस को देखकर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें एक आरोपी घायल हो गया।
घायल आरोपी की पहचान जितेंद्र उर्फ भोले पटेल के रूप में हुई है। उसके पैर में गोली लगी है और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से देशी तमंचे और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।
दो आरोपी अब भी फरार
मुठभेड़ के दौरान आरोपी विवेक कुमार पटेल और प्रवीण पटेल जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि दोनों की तलाश के लिए चित्रकूट, बांदा और प्रयागराज की संयुक्त टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि दोनों आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
आरोपियों की फायरिंग में सिपाही घायल
पुलिस के मुताबिक, घिरने के बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस दौरान सिपाही राघवेंद्र राजपूत की बांह में गोली लग गई। घायल सिपाही को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों की ओर से तीन राउंड फायरिंग की गई, जबकि जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने करीब दस राउंड फायर किए।
22 जुलाई को हुई थी वारदात
22 जुलाई को सतना जिले के चित्रकूट क्षेत्र की रहने वाली एक छात्रा अपने नाबालिग दोस्त के साथ देवांगना घाटी घूमने गई थी। दोनों रील बना रहे थे। इसी दौरान बाइक से आए तीन युवकों ने खुद को वन कर्मचारी बताकर दोनों को रोक लिया।
आरोपियों ने पहले नाबालिग लड़के को बंधक बनाकर उसके हाथ-पैर बांध दिए और बेल्ट से उसकी पिटाई की। इसके बाद दो आरोपी छात्रा को झाड़ियों के पीछे ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। किसी तरह नाबालिग अपने बंधन से मुक्त हुआ और पीड़िता के साथ मदद के लिए पहुंचा। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
50 हजार रुपये का था इनाम
घटना के बाद पहले आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। बाद में डीआईजी बांदा ने इनाम बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी तलाश में कई टीमें लगातार अभियान चला रही थीं।
एसपी ने मौके का किया निरीक्षण
मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और पूरी कार्रवाई का जायजा लिया। उन्होंने फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और शेष दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Anubhav Dubey 
