दुरंतो एक्सप्रेस में पैंट्री वेंडर्स की गुंडागर्दी: यात्री को कोच से उतारकर पीटा, रानी कमलापति स्टेशन पर हुई घटना

Bhopa के रानी कमलापति स्टेशन पर दुरंतो एक्सप्रेस में पैंट्री वेंडर्स पर यात्री से मारपीट का आरोप। जीआरपी ने FIR दर्ज कर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया।

दुरंतो एक्सप्रेस में पैंट्री वेंडर्स की गुंडागर्दी: यात्री को कोच से उतारकर पीटा, रानी कमलापति स्टेशन पर हुई घटना

Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर एसी दुरंतो एक्सप्रेस में एक यात्री के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि ट्रेन में खाने-पीने का सामान बेचने वाले पैंट्री वेंडर्स ने 22 साल के युवक को एसी कोच से नीचे उतारकर पीटा। घटना मंगलवार शाम की है। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। GRP ने अज्ञात वेंडर्स के खिलाफ FIR दर्ज कर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

यह घटना दिल्ली सराय रोहिल्ला से यशवंतपुर जा रही ट्रेन नंबर 12214 एसी दुरंतो एक्सप्रेस की है। पीड़ित की पहचान बेंगलुरु निवासी अरमान खान (22) के रूप में हुई है।

दूध लेने के लिए कोच से उतर रहा था युवक

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम ट्रेन रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पहुंची थी। इसी दौरान अरमान दूध लेने के लिए अपने कोच से बाहर निकल रहा था। तभी ट्रेन में पैंट्री वेंडर्स खाने-पीने का सामान चढ़ा रहे थे। इससे रास्ता बंद हो गया और अरमान को बाहर निकलने में परेशानी होने लगी।

इसी बात को लेकर अरमान और पैंट्री वेंडर्स के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद वेंडर्स ने अरमान को एसी कोच से नीचे उतारा और उसके साथ मारपीट की।

वीडियो सामने आया, तीन संदिग्ध हिरासत में

घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। जीआरपी ने शिकायत के आधार पर अज्ञात पैंट्री वेंडर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मारपीट की पूरी परिस्थितियों और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद होगी।