भोपाल में लगा नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह बोले- जरूरतमंदों के लिए वरदान हैं ऐसे आयोजन
भोपाल के तुलसी नगर स्थित बघेलखंड सांस्कृतिक भवन में नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया. पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि ऐसे शिविर जरूरतमंद लोगों के लिए बेहद लाभकारी हैं.
भोपाल। राजधानी भोपाल के तुलसी नगर स्थित बघेलखंड सांस्कृतिक भवन में रविवार को नि:शुल्क चिकित्सा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में चिरायु मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल का सहयोग रहा. शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विभिन्न स्वास्थ्य जांचों का लाभ उठाया.
कार्यक्रम का शुभारंभ कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, बघेलखंड सांस्कृतिक भवन के प्रमुख ट्रस्टी डॉ. कमलाकर सिंह और चिरायु मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. अजय गोयनका ने दीप प्रज्वलित कर किया. उद्घाटन अवसर पर अतिथियों ने समाजहित में किए जा रहे इस प्रयास की सराहना की.
पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में स्वास्थ्य जांच और उपचार काफी महंगे हो चुके हैं, जिसके कारण आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोग समय पर जांच नहीं करा पाते. ऐसे में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आमजन के लिए बेहद उपयोगी साबित होते हैं. उन्होंने कहा कि समय पर बीमारी की पहचान होने से गंभीर बीमारियों का इलाज आसान हो जाता है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें और ऐसे शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं.
शिविर सुबह 10 बजे से शुरू हुआ, जो देर शाम तक जारी रहा. आयोजन समिति के अनुसार शिविर में करीब डेढ़ सौ से अधिक लोगों ने पंजीयन कराया. यहां विभिन्न बीमारियों से संबंधित जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं. मरीजों के लिए ईसीजी, एक्स-रे और सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण जैसी सुविधाएं नि:शुल्क दी गईं.
शिविर में करीब 120 डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम तैनात रही, जिन्होंने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया. मरीजों को नि:शुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया. डॉक्टरों ने लोगों को बदलती जीवनशैली से होने वाली बीमारियों के प्रति सतर्क रहने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी.
आयोजकों ने बताया कि शिविर में जिन मरीजों की स्थिति गंभीर पाई जाएगी, उन्हें आगे के उपचार और विशेष जांच के लिए चिरायु मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल भेजा जाएगा, ताकि उनका समुचित इलाज हो सके.
शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे. आयोजन को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला और कई लोगों ने भविष्य में भी इस तरह के शिविर आयोजित करने की मांग की।
shivendra 
