अमरपाटन में सतना रोड स्थित मानसी गैस एजेंसी पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की भारी भीड़ जमा थी। लोग घंटों कतार में खड़े रहे, लेकिन सुबह 11 बजे तक एजेंसी का ताला नहीं खुला। कड़ी धूप में परेशान हो रहे हितग्राहियों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उपभोक्ताओं का आरोप था कि एजेंसी संचालक की लापरवाही के कारण उन्हें बार-बार चक्कर काटने पड़ रहे हैं।

दूसरों के कार्ड लेकर पहुंचे थे लोग
चक्काजाम की खबर मिलते ही एसडीएम डॉ. आरती सिंह, तहसीलदार आर.डी. साकेत और थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने जब लाइन में लगे लोगों की रैंडम जांच की, तो गैस की कालाबाज़ारी का संदेह गहरा गया। जांच में पता चला कि कई लोग अपने पड़ोसियों या अन्य व्यक्तियों के गैस कार्ड (कॉपी) लेकर सिलेंडर लेने पहुंचे थे। एसडीएम ने स्पष्ट किया है कि जिस उपभोक्ता के नाम पर गैस कॉपी होगी, उसी के परिवार के सदस्य को ही सिलेंडर दिया जाएगा। इसके साथ ही पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। वहीं, दूसरे परिवार के व्यक्ति को किसी भी स्थिति में सिलेंडर नहीं मिलेगा।

होम डिलीवरी कल से शुरू करने के सख्त निर्देश
एसडीएम ने मौके पर ही एजेंसी संचालक को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल काउंटर खुलवाकर गैस वितरण शुरू कराया। उन्होंने कहा कि गैस की कोई किल्लत नहीं है, केवल अव्यवस्था के कारण यह स्थिति बनी। एजेंसी संचालक को कल से अनिवार्य रूप से होम डिलीवरी शुरू करने के आदेश दिए गए हैं, ताकि एजेंसी पर भीड़ जमा न हो। प्रशासन की समझाइश और सख्त कार्रवाई के आश्वासन के बाद करीब 20 मिनट बाद जाम खोला गया और यातायात बहाल हुआ।
अमरपाटन एसडीएम आरती सिंह ने बताया कि एजेंसी सुबह 11 बजे तक नहीं खुली थी, जिससे लोग नाराज थे। मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया गया है। जांच में सामने आया है कि लोग दूसरों के कार्ड लेकर सिलेंडर ले रहे हैं, जिसे अब प्रतिबंधित कर दिया गया है। कल से होम डिलीवरी शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आमजन को परेशानी न हो।
