ED कार्रवाई के बाद हरीश रावत का बड़ा फैसला: कांग्रेस के दो अहम पदों से इस्तीफे का ऐलान
Harish Rawat Resigns From Congress: उत्तराखंड के पूर्व सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने पार्टी के दो अहम पदों से इस्तीफा देने की घोषणा की है। हरीश रावत ने अपने करीबी और पूर्व OSD चंदन सिंह जीना से जुड़े मामले में ED की कार्रवाई के बाद यह घोषणा की है।
Harish Rawat Resigns From Congress : उत्तराखंड के पूर्व सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने पार्टी के दो अहम पदों से इस्तीफा देने की घोषणा की है। हरीश रावत ने अपने करीबी और पूर्व OSD चंदन सिंह जीना से जुड़े मामले में ED की कार्रवाई के बाद यह घोषणा की है। ED की कार्रवाई के दौरान जीना के घर से बड़ी मात्रा में सोना-चांदी, नकदी और कीमती सामान मिलने की बात सामने आई है। हालांकि, मामले में सामने आए आरोपों और बरामदगी से जुड़े दावों की पूरी तस्वीर जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
एक्स पोस्ट कर दी जानकारी
हरीश रावत ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने इस्तीफे की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी राष्ट्रीय स्तर पर 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, ऐसे समय में उनके सहयोगी पर लगे आरोपों की वजह से पार्टी के संघर्ष पर कोई असर पड़े, तो वह ऐसा नहीं चाहते। इसी वजह से उन्होंने उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी और राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य पद से हटने की बात कही।
सामने टीवी पर खबर आ रही है कि देहरादून में हरीश रावत के पीए के पास भारी मात्रा में कैश और ज्वैलरी आदि पकड़ी गई या पकड़ाई गई, इस तथ्य का खुलासा तो आने वाले समय में होगा और यह सत्य है कि श्री जीना मेरे ओएसडी रहे हैं और मैं जितने भी पदों पर रहा, चाहे पार्टी में रहा या सरकार में रहा,… pic.twitter.com/Z6rZYcVev0
— Harish Rawat (@harishrawatcmuk) September 11, 2026
जीना के बचाव में बोले हरीश रावत
पूर्व सीएम हरीश रावत ने चंदन सिंह जीना के बचाव में कहा कि जीना के पास भारी मात्रा में नकदी और ज्वैलरी मिलने की खबरें सामने आ रही हैं, लेकिन मामले की पूरी सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
हरीश रावत ने कहा कि जीना उनके OSD रहे हैं और उन्होंने पार्टी और सरकार में रहते हुए महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। रावत ने उन्हें सज्जन और विनम्र व्यक्ति बताया। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि यदि ग्राम सेवकों की भर्ती में OMR शीट के साथ छेड़छाड़ से जुड़े आरोप जांच में सही पाए जाते हैं और इसमें जीना की भूमिका सामने आती है, तो वह उसके लिए शर्मिंदा होंगे। रावत ने कहा कि फिलहाल उन्हें इन आरोपों पर विश्वास नहीं है।
हरीश रावत ने तंज कसते हुए कहा, "मुझसे जब भी कोई व्यक्ति पूछता था कि चुनाव कब हो रहे हैं, तो मैं मजाक में उनसे कहता था कि भई चुनाव तब होंगे, जब CBI मेरे दरवाजे पर दस्तक देने आएगी। यदि अभी नहीं आई है, तो इसका अर्थ है कि चुनाव अगले वर्ष मार्च-अप्रैल में ही होंगे। लेकिन इस बार मेरे घर पर नहीं, मेरे एक सहयोगी के घर पर दस्तक देकर एक नैरेटिव बनाने का प्रयास किया गया है।"
दोनों अहम संगठनात्मक पदों से हटने का फैसला
हरीश रावत ने कांग्रेस के दो महत्वपूर्ण संगठनात्मक पदों से हटने का भी ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। ऐसे में वह नहीं चाहते कि उनके कारण पार्टी की भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम कमजोर हो।
रावत ने बताया कि वह फिलहाल उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी के सदस्य और कांग्रेस कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य हैं। उन्होंने इन दोनों पदों से हटने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला उन्होंने अपने इष्ट देवता को याद करने के बाद लिया है। रावत ने स्पष्ट किया कि वह किसी सरकारी पद पर नहीं हैं, इसलिए सरकारी पद से इस्तीफे का सवाल ही नहीं उठता।

