पत्नी से विवाद के बाद पति बना हैवान, बेरहमी से पीटकर की हत्या; आरोपी गिरफ्तार

इंदौर जिले के खुड़ैल थाना क्षेत्र के ग्राम उज्जैनी में पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। चौकीदारी का काम करने वाले राहुल बर्मन ने कथित रूप से अपनी पत्नी सुमन बर्मन की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची।

पत्नी से विवाद के बाद पति बना हैवान, बेरहमी से पीटकर की हत्या; आरोपी गिरफ्तार

इंदौर (खुड़ैल)। इंदौर के खुड़ैल थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कम्पेल चौकी के अंतर्गत आने वाले ग्राम उज्जैनी में मामूली विवाद के बाद एक पति ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद से ही इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।

फार्म हाउस पर चौकीदारी करता था आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह खौफनाक वारदात ग्राम उज्जैनी स्थित आनंदराज फार्म के पास की है। यहां आसिफ रंगरेज के फार्म हाउस पर राहुल बर्मन (उम्र 32 वर्ष) अपनी पत्नी सुमन के साथ रहता था और वहां चौकीदारी का काम करता था। राहुल मूल रूप से उमरिया जिले के बीरसिंहपुर गांव का रहने वाला है।

विवाद बढ़ा और कर दी हत्या
बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर राहुल और उसकी पत्नी सुमन के बीच आपसी कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि राहुल अपना आपा खो बैठा। उसने सुमन के साथ इस कदर बर्बरतापूर्वक मारपीट की कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मौके पर पहुंची FSL टीम, जांच में जुटे बड़े अफसर
घटना की जानकारी मिलते ही कम्पेल चौकी और खुड़ैल थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण डीएसपी उमाकांत चौधरी और एफएसएल (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतका के शव को पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मर्ग कायम कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारी का बयान
ग्राम उज्जैनी में एक फार्म हाउस पर चौकीदारी करने वाले राहुल बर्मन नाम के व्यक्ति का अपनी पत्नी सुमन से विवाद हुआ था। आरोपी ने पत्नी के साथ गंभीर मारपीट की, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। खुड़ैल थाना पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके का मुआयना किया है। आरोपी राहुल बर्मन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है- उमाकांत चौधरी, डीएसपी (ग्रामीण), इंदौर