इंदौर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल : एरोड्रम थाने में मारपीट मामले में 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड, टीआई लाइन अटैच

Indore News : एडिशनल डीसीपी दंडोतिया के मुताबिक, जांच निष्पक्ष तरीके से हो और उस पर किसी तरह का प्रभाव न पड़े, इसलिए थाना प्रभारी वेदेंद्र सिंह को भी हटाकर लाइन अटैच किया गया है।

इंदौर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल : एरोड्रम थाने में मारपीट मामले में 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड, टीआई लाइन अटैच

Indore News : मध्य प्रदेश। इंदौर के एरोड्रम थाने में भाजपा कार्यकर्ता और विधायक गोलू शुक्ला के समर्थक पं. जयदीप दुबे और उनके बहनोई पंकज शुक्ला के साथ कथित मारपीट का मामला तीन दिन बाद भी सवालों के घेरे में है। कार्रवाई से ज्यादा चर्चा इस मामले में पुलिस अधिकारियों के बदलते बयानों की हो रही है। घटना वाली रात थाना प्रभारी समेत सात पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में कार्रवाई का स्वरूप बदल गया। 

अंततः चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किए जाने और थाना प्रभारी वेदेंद्र सिंह को लाइन अटैच करने की जानकारी सामने आई। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर पूरे मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर अलग-अलग जानकारियां क्यों सामने आईं?

ये है पूरा मामला 

दरअसल, घटना के बाद शुरुआती तौर पर टीआई समेत सात पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किए जाने की बात कही गई। इसके बाद पुलिस अधिकारियों की ओर से चार से पांच पुलिसकर्मियों की भूमिका सामने आने की जानकारी दी गई।

अंत में चार पुलिसकर्मियों को निलंबित करने और टीआई वेदेंद्र सिंह को लाइन अटैच करने की कार्रवाई सामने आई। महज कुछ समय के भीतर कार्रवाई को लेकर सामने आई अलग-अलग जानकारियों ने पूरे घटनाक्रम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। 

फरियादियों के साथ मारपीट 

मामले में क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि एरोड्रम थाने के भीतर फरियादियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया था। फरियादियों की ओर से पुलिसकर्मियों पर लगाए गए आरोपों के बाद संबंधित चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से थाने से पृथक कर दिया गया। मामले की जांच एसीपी मल्हारगंज को सौंपी गई है। 

थाना प्रभारी को किया लाइन अटैच

एडिशनल डीसीपी दंडोतिया के मुताबिक, जांच निष्पक्ष तरीके से हो और उस पर किसी तरह का प्रभाव न पड़े, इसलिए थाना प्रभारी वेदेंद्र सिंह को भी हटाकर लाइन अटैच किया गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।एडिशनल डीसीपी ने बताया कि एरोड्रम थाने का प्रभार एसआई संजय बिष्टोई को सौंपा गया है। फिलहाल एसीपी मल्हारगंज मामले की जांच कर रहे हैं।

भाजपा कार्यकर्ता पं. जयदीप दुबे और उनके बहनोई पंकज शुक्ला के साथ कथित मारपीट के मामले में अब जांच के निष्कर्ष का इंतजार है। हालांकि, घटना के बाद पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई को लेकर सामने आए अलग-अलग बयानों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई की जाती है।