23 April 2026: शादी के मंडप में तोड़फोड़ करने वाले उपद्रवी अरेस्ट, पुलिस ने निकाला जुलूस; पढ़ें इंदौर क्राइम की खबरें
हल्दी लगाए दूल्हे की शिकायत निकली उल्टी, खुद ही निकला अतिक्रमणकर्ता। कलेक्टर की जांच में खुद के बिछाए जाल में फंस गया फरियादी दुल्हा।
शादी के मंडप में घुसे उपद्रवी, जमकर करी तोड़फोड़ और मारपीट, 4 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस
इंदौर में शादी समारोह के दौरान हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने पूरे मामले की पुष्टि की और आरोपियों तक पहुंच बनाई। दरअसल यह मामला तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के माचल गांव का है। जहां बाहर से आई एक बारात के दौरान शादी समारोह अचानक जंग का मैदान बन गया। स्थानीय युवकों और बारातियों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।

आरोप है कि कुछ युवक मंडप में घुस गए और वहां जमकर तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं उन्होंने महिला-पुरुषों के साथ भी मारपीट की, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। जांच के बाद पुलिस ने साहिल, अमान, मोनू सहित एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों का इलाके में जुलूस भी निकाला, ताकि असामाजिक तत्वों में कानून का डर बना रहे। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हल्दी लगाए दूल्हे की शिकायत निकली उल्टी, खुद ही निकला अतिक्रमणकर्ता
इंदौर मंगलवार की हुई जनसुनवाई में उस वक्त अजीब स्थिति बन गई, जब हल्दी लगाए और गले में माला पहने एक दूल्हा अपनी शिकायत लेकर पहुंचा। शादी की तैयारियों के बीच पहुंचे इस दूल्हे ने घर के सामने नाले और रास्ते पर अतिक्रमण की बात कही, लेकिन जांच में पूरा मामला पलट गया। दरअसल ग्राम अम्बामोलिया निवासी उमेश गंगोलिया ने शिकायत की थी किया था कि नाले की गंदगी और दबंगों के अतिक्रमण से उसकी शादी में परेशानी आ रही हैं।

हालांकि, दूल्हा शादियों की चल रही तैयारी के बीच में शिकायत करने पहुंचा था तत्त्काल कलेक्टर शिवम वर्मा ने जांच के निर्देश एसडीएम को दे दिए। जब एसडीएम प्रियंका चौरसिया की टीम मौके पर पहुंची, तो सच्चाई कुछ और ही निकली। जांच में सामने आया कि जिस नाले पर अतिक्रमण की शिकायत की गई थी, उसी पर खुद दूल्हे ने करीब 3×30 फीट कब्जा कर रखा था। इसके बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए दूल्हे समेत 12 अन्य लोगों के अतिक्रमण भी हटवा दिए।

जिसे पक्का बनाने के निर्देश ग्राम पंचायत को दिए है।गौरतलब है कि यह नाला गांव और खेतों के पानी की निकासी का अहम रास्ता है, जो अतिक्रमण के चलते बाधित हो रहा था। कार्रवाई के बाद रास्ता साफ हुआ तो ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। शादी के मौके पर सहानुभूति बटोरने की कोशिश करने वाला दूल्हा आखिरकार खुद ही प्रशासन की कार्रवाई का कारण बन गया। अतिक्रमण पर जिला प्रशासन के चले बुलडोजर को लेकर ग्रामीण लोग खुश है और मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन को धन्यवाद दे रहे हैं।
वीडियो कॉल का इंतज़ार, ‘खुश रहना’ आखिरी मैसेज और फिर फांसी
इंदौर में एक 21 साल की एक युवती ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से ठीक पहले युवती ने अपने दोस्त को वीडियो कॉल किया था। लेकिन कॉल रिसीव न होने पर उसने एक आखिरी मैसेज ‘खुश रहना' भेजा और फिर ये कदम उठा लिया। दरअसल, यह पूरा मामला इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र के जनता क्वार्टर का है। जहां की रहने वाली 21 वर्षीय नम्रता ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि नम्रता एक शेयर मार्केट से जुड़ी कंपनी में काम करती थी, जहां उसकी दोस्ती एक युवक से हुई थी।

आत्महत्या से पहले नम्रता ने अपने एक युवक दोस्त को वीडियो कॉल किया था। लेकिन जब कॉल रिसीव नहीं हुआ तो उसने उसे ‘खुश रहना’ लिखकर मैसेज किया। जिसके कुछ ही देर बाद उसने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही परदेशीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने युवती का मोबाइल भी जब्त कर लिया है, जिसमें मौजूद चैट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सके।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग की MP में बढ़ रही सक्रियता, हैरी बॉक्सर के करीबी को लाया गया इंदौर
इंदौर में हाल ही में सामने आए करोड़ों की फिरौती के मामलों में अब बड़ा खुलासा होने की उम्मीद है। क्राइम ब्रांच ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हैरी बॉक्सर के एक साथी राजपाल को खरगोन से प्रोडक्शन वारंट पर इंदौर लाया है, जिसमें पुलिस को शक है कि इन हाई-प्रोफाइल फिरौती मामलों के तार गैंग से जुड़े हो सकते हैं। दरअसल, इंदौर में पिछले दिनों दो अलग-अलग मामलों में करोड़ों रुपये की फिरौती मांगी गई थी। जिसमें दो पार्टनरों से 10 करोड़ और एक उद्योगपति से 5 करोड़ रुपये की डिमांड की गई थी।

खास बात यह रही कि ये फिरौती कॉल वीपीएन नंबर के जरिए किए गए थे, जिससे आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो गया था। पुलिस को जांच में यह भी पता चला कि इसी तरह का घटनाक्रम खरगोन में भी सामने आया था। जिसमें एक जैसा होने के चलते क्राइम ब्रांच को शक गहरा गया। इसी कड़ी को जोड़ने और पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के लिए राजपाल को इंदौर लाया गया है। फिलहाल क्राइम ब्रांच आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश में जुटी है कि इन फिरौती कॉल्स के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका मास्टरमाइंड कौन है।
क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़ा आरोपी, ब्राउन शुगर बरामद
इंदौर में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत क्राइम ब्रांच को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां दोस्तों की संगत में नशे की लत का शिकार हुआ युवक, आर्थिक तंगी के चलते ड्रग्स बेचने लगा, लेकिन वह पुलिस की पैनी नजर से बच नहीं पाया और आखिरकार गिरफ्तार हो गया। दरअसल इंदौर क्राइम ब्रांच टीम शहर में संदिग्धों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान परेड ग्राउंड के सामने एयरपोर्ट रोड पर एक युवक संदिग्ध हालत में बैठा दिखाई दिया।

वहीं, पुलिस ने जब उसे रोका और तलाशी ली तो उसके लोअर की जेब से 12.56 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान चंदन नगर निवासी कमलेश बछाने के रूप में हुई। जिसने बताया कि वह पहले दोस्तों के साथ नशा करने लगा और धीरे-धीरे इसकी लत में फंस गया। नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने ड्रग्स की पैडलिंग शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किन-किन लोगों को नशा सप्लाई करता था और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है।
गौरी नगर में दो पक्ष आमने-सामने, पत्थरबाजी करने वाले आरोपियों की तलाश तेज
इंदौर के हीरा नगर थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जिसमें गौरी नगर में हुई पत्थरबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। दरअसल मामला गौरी नगर का है, जहां आयुष्मान कनेरिया और शुभम उर्फ सोनू लोडवाल के परिवारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते पत्थरबाजी शुरू हो गई। वहीं, वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर पत्थर फेंक रहे हैं और जमकर गाली-गलौज कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि एक दिन पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। जिसके संबंध में पहले ही मामला दर्ज किया जा चुका था। इस बीच आयुष्मान कनेरिया ने सोशल मीडिया के जरिए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है और आरोप लगाया है कि उसे, उसकी गर्भवती पत्नी और पूरे परिवार को जान का खतरा है। जिसमें पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Varsha Shrivastava 
