MP News: PHE विभाग में करोड़ों का ‘रेट खेल’ उजागर: महंगी खरीदी पर ब्रेक, क्या अब खुलेगी अफसरों की फाइलें
मध्यप्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) में महंगे दामों पर कोटेशन के नाम पर मनमानी खरीदी और करोड़ों की गड़बड़ी का मामला सामने आया है। शिकायतों के बाद विभाग ने खरीदी पर रोक लगाकर एक साल का हिसाब मांगा है,और जांच की तैयारी शुरू कर दी है।
भोपाल:मध्यप्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) में खरीदी को लेकर बड़े स्तर पर गड़बड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि विभाग के कई कार्यालयों में कोटेशन के नाम पर मनमाने तरीके से सामान खरीदा गया और बाजार से कहीं ज्यादा कीमत चुकाई गई, जिससे सरकारी खजाने को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ।
महंगे दामों पर खरीदी, नियमों की अनदेखी
सूत्रों के मुताबिक, कई जगह जरूरत से ज्यादा सामग्री खरीदी गई और उसकी कीमतें बाजार दर से काफी अधिक थी।भोपाल सहित कई जगहों पर खरीदी में गड़बड़ी की जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक कई खंड कार्यालयों में बिना सही प्रक्रिया और मंजूरी के खरीदी और काम कराए जाने की जानकारी सामने आई है। जिससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान हुआ है।
घाटा बढ़ा तो टूटी नींद
लगातार बढ़ते खर्च और शिकायतों के बाद अब विभाग ने सख्ती दिखाई है। कोटेशन के जरिए होने वाली खरीदी और कार्यों पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। बिना अनुमति कोई भी खर्च करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
एक साल का हिसाब तलब
विभाग ने सभी अधीनस्थ कार्यालयों से पिछले एक साल में हुई हर खरीदी और काम का पूरा रिकॉर्ड 7 दिनों में मांगा है। इसमें किसने अनुमति दी, कब दी और भुगतान कैसे हुआ,इसकी पूरी जानकारी देनी होगी। मुख्य अभियंता,अधीक्षण यंत्री और कार्यपालन यंत्रियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। जांच में गड़बड़ी सामने आने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई तय मानी जा रही है।
पुराने मामलों की भी खुलेंगी फाइलें
संकेत मिले हैं कि यह गड़बड़ी सिर्फ हाल की नहीं, बल्कि पिछले वर्षों से चल रही थी। अब विभाग पुराने रिकॉर्ड खंगाल रहा है, जिससे आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
sanjay patidar 
