इंदौर को बड़ी सौगात: CM मोहन करेंगे नर्मदा परियोजना फेज-4 का भूमिपूजन, 2.47 लाख परिवारों को मिलेगा लाभ

आज इंदौर दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव। संकल्प से समाधान अभियान के तहत विभिन्न योजनाओं के तहत लाभांवित हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण करेंगे सीएम।

इंदौर को बड़ी सौगात: CM मोहन करेंगे नर्मदा परियोजना फेज-4 का भूमिपूजन, 2.47 लाख परिवारों को मिलेगा लाभ

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 29 मार्च रविवार को इंदौर के दौरे पर रहेंगे। जहां सीएम दशहरा मैदान में आयोजित “संकल्प से समाधान अभियान” कार्यक्रम में शामिल होकर हितग्राहियों को लाभ वितरण करेंगे। इस अभियान के तहत विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाया गया है। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जिसमें शासन की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को दर्शाया गया है।

1.44 लाख से अधिक आवेदनों का हुआ निराकरण

राज्य शासन ने 12 जनवरी से 31 मार्च 2026 तक चलाए गए “संकल्प से समाधान अभियान” को चार चरणों में संचालित किया है। ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक शिविरों का आयोजन कर लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। इंदौर जिले में कुल 1 लाख 44 हजार 912 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका सफलतापूर्वक निराकरण किया गया। इस अभियान में 100 से अधिक सेवाओं को शामिल किया गया, जिससे आमजन को त्वरित राहत मिली और शासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ।

अमृत 2.0 के तहत जल आपूर्ति को मिलेगी नई मजबूती

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अमृत 2.0 योजना के तहत नर्मदा नदी आधारित पेयजल परियोजना के चौथे चरण का भूमिपूजन भी करेंगे। इस परियोजना का उद्देश्य इंदौर शहर की जल आपूर्ति व्यवस्था को आधुनिक और सुदृढ़ बनाना है, ताकि भविष्य में बढ़ती आबादी की जरूरतों को पूरा किया जा सके। अनुमान है कि साल 2040 तक शहर की आबादी लगभग 58.70 लाख पहुंच जाएगी, जिसके लिए 1209 एमएलडी पानी की आवश्यकता होगी।

पाइपलाइन, टैंक और कनेक्शन का होगा विस्तार

परियोजना के तहत कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्य किए जाएंगे। पैकेज-2 के अंतर्गत लगभग 39 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी और आधुनिक तकनीक से टनल का निर्माण किया जाएगा। पैकेज-3 में 20 नए ओवरहेड टैंक बनाए जाएंगे और 29 पुराने टैंकों का सुदृढ़ीकरण होगा। साथ ही लगभग 685 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी और 1.26 लाख घरों को जल कनेक्शन दिए जाएंगे। पैकेज-4 के तहत भी 20 नए टैंक और 46 टैंकों का उन्नयन किया जाएगा और 892 किलोमीटर लंबी वितरण पाइपलाइन विकसित की जाएगी।

1356 करोड़ की लागत से होगा व्यापक विकास

पूरे प्रोजेक्ट की कुल लागत लगभग 1356 करोड़ रुपए है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद शहर के लगभग 2 लाख 47 हजार परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही, इंदौर में शामिल नए गांवों में भी जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों का संतुलित विकास संभव हो सकेगा।

सिरपुर तालाब होगा प्रदूषण मुक्त

सिरपुर तालाब के संरक्षण के लिए 20 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) स्थापित किया गया है, जिसका भी लोकार्पण मुख्यमंत्री करेंगे। इस परियोजना के तहत सीवर के गंदे पानी को तालाब में जाने से रोका गया है और उपचारित जल का उपयोग शहर के उद्यानों एवं अन्य कार्यों में किया जाएगा। इससे तालाब का जल स्तर और गुणवत्ता दोनों में सुधार होगा।

इन सभी योजनाओं के क्रियान्वयन से इंदौर की जल आपूर्ति व्यवस्था वर्तमान 580 एमएलडी से बढ़कर 885 एमएलडी हो जाएगी। इससे न केवल लोगों को बेहतर पेयजल सुविधा मिलेगी, बल्कि शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को भी मजबूती मिलेगी।