भोपाल में कल से युवा विधायकों का दो दिवसीय सम्मेलन, लोकतंत्र को मजबूत बनाने पर होगा मंथन
भोपाल में तीन राज्यों के युवा विधायकों का दो दिवसीय सम्मेलन 30 और 31 मार्च को मध्यप्रदेश विधानसभा के विधान परिषद हाल में आयोजित किया जा रहा है।
भोपाल: मध्यप्रदेश विधानसभा में कल से तीन राज्यों के युवा विधायकों का दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है। मध्य प्रदेश विधानसभा परिसर में 30 और 31 मार्च को युवा विधायकों का दो दिवसीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इस सम्मेलन में मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के 50 से अधिक युवा विधायक भाग लेंगे। आयोजन राष्ट्रकुल संसदीय संघ (भारत क्षेत्र-6) के अंतर्गत किया जा रहा है, जिसे लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष ने लिया तैयारियों का जायजा
इस आयोजन को लेकर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने विधानसभा परिसर जाकर तैयारियों का जायजा लिया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मध्य प्रदेश में युवा विधायक सम्मेलन होना हमारे लिए गर्व विषय है।यह सम्मेलन युवा विधायकों को लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने और जनभागीदारी को बढ़ाने के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान करेगा।

दो दिवसीय सम्मेलन में 5 सत्र होंगे आयोजित
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि दो दिवसीय इस सम्मेलन में कुल पांच सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिसमें पहले दिन तीन और दूसरे दिन दो सत्र होंगे। पहले दिन “लोकतंत्र और नागरिकों की भागीदारी को मजबूत करने में युवा विधायकों की भूमिका” विषय पर चर्चा की जाएगी, जबकि दूसरे दिन “विकसित भारत 2047-युवा विधायकों के दायित्व एवं चुनौतियां” पर मंथन होगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की उपस्थिति में होगा। समापन समारोह में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश शामिल होंगे।सम्मेलन में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी और MIT Pune के चेयरमैन डॉ. राहुल वी. कराड भी अपने विचार साझा करेंगे।

समापन समारोह में राज्य सभा के उप सभापति हरिवंश शामिल होंगे। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

Varsha Shrivastava 
