स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में इंदौर का जलवा, देशभर में मिला दूसरा स्थान
स्वच्छता के बाद स्वच्छ हवा में भी इंदौर की धाक, देश में दूसरे नंबर पर शहर, दिल्ली में मिला राष्ट्रीय स्वच्छ वायु सराहना पुरस्कार
इंदौर। देशभर में स्वच्छता के लिए अपनी अलग पहचान बना चुके इंदौर ने अब स्वच्छ वायु के क्षेत्र में भी बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में इंदौर को देशभर में दूसरा स्थान मिला है। इस उपलब्धि के लिए नई दिल्ली में आयोजित समारोह में शहर को राष्ट्रीय स्वच्छ वायु सराहना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। आधिकारिक रैंकिंग की घोषणा 7 सितंबर को नई दिल्ली में की गई। सर्वेक्षण में पहला स्थान लखनऊ को मिला है।

पुरस्कार इंदौरवासियों को समर्पित
नई दिल्ली में आयोजित स्वच्छ वायु दिवस समारोह में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल और स्वच्छता प्रभारी अश्विनी शुक्ला ने इंदौर की ओर से पुरस्कार प्राप्त किया। सम्मान मिलने के बाद महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इसे इंदौरवासियों की जागरूकता, सहभागिता और लगातार किए जा रहे प्रयासों का परिणाम बताया।
महापौर ने कहा कि जिस तरह इंदौरवासियों ने स्वच्छता को जनआंदोलन बनाया है, उसी तरह स्वच्छ वायु के लिए भी शहर के लोगों ने जिम्मेदारी और जनभागीदारी का परिचय दिया है। उन्होंने राष्ट्रीय पुरस्कार को इंदौर और शहरवासियों को समर्पित किया।

कई नवाचारों से सुधरी एयर क्वालिटी
इंदौर में वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए नगर निगम और प्रशासन की ओर से कई स्तरों पर काम किया गया। इनमें रोड स्वीपिंग, बेहतर वेस्ट मैनेजमेंट, रेड लाइट ऑन-इंजन ऑफ जैसे अभियानों के साथ उद्योगों से जुड़े प्रदूषण नियंत्रण के प्रयास भी शामिल हैं।

स्वच्छता के बाद स्वच्छ हवा में भी पहचान
महापौर के मुताबिक शहर में प्रदूषण नियंत्रण और एयर क्वालिटी मैनेजमेंट को लेकर किए गए लगातार प्रयासों का असर अब राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई दे रहा है। स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में मिसाल कायम करने वाला इंदौर अब स्वच्छ वायु के क्षेत्र में भी अग्रणी शहरों की सूची में शामिल हो गया है। यह उपलब्धि शहर की पर्यावरणीय नीतियों और जनभागीदारी को राष्ट्रीय पहचान मिलने के तौर पर देखी जा रही है।
Varsha Shrivastava 
