इटारसी रेलवे स्टेशन के 3 Kitchen सील, सड़ी सब्जियां और 1500 समोसे नष्ट

इटारसी रेलवे स्टेशन के बारह बंगला क्षेत्र में संचालित तीन किचनों पर प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई. सड़ी सब्जियां, खराब खाद्य सामग्री और पीडीएस का नमक मिलने पर तीनों किचन सील, नमूने जांच के लिए भेजे गए.

इटारसी रेलवे स्टेशन के 3 Kitchen सील, सड़ी सब्जियां और 1500 समोसे नष्ट

नर्मदापुरम जिले के इटारसी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. स्थानीय प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने रेलवे के बारह बंगला क्षेत्र में संचालित तीन किचनों पर छापा मारकर गंभीर अनियमितताएं पकड़ी हैं.

कार्रवाई अपर कलेक्टर (एडीएम) के नेतृत्व में की गई. जांच के दौरान टीम ने राहुल इंटरप्राइजेज, अतुल अवस्थी और होटल धर्मराज के किचनों का निरीक्षण किया. अधिकारियों को किचनों में गंदगी और अस्वच्छ वातावरण में भोजन तैयार होता मिला. खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के चलते तीनों किचनों और उनके परिसर को तत्काल सील कर दिया गया.

निरीक्षण के दौरान बड़ी मात्रा में खराब और दूषित खाद्य सामग्री भी मिली. प्रशासन ने करीब 100 लीटर ग्रेवी, 200 किलो सब्जियां, 1,500 समोसे, 250 किलो आलू और 30 किलो चावल सहित अन्य खराब खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करा दिया.

जांच के दौरान सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) का सरकारी नमक भी बड़ी मात्रा में बरामद हुआ, जिसे जब्त कर लिया गया है. प्रशासन अब यह पता लगा रहा है कि सरकारी राशन का नमक इन निजी किचनों तक कैसे पहुंचा.

खाद्य सुरक्षा विभाग ने तीनों प्रतिष्ठानों से अमानक और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के पांच नमूने जांच के लिए एकत्र किए हैं. सभी नमूने राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं. जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित संचालकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम और अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत कार्रवाई की जाएगी.

प्रशासन का कहना है कि यात्रियों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

इस कार्रवाई के दौरान एसडीएम निलेश शर्मा और अपर कलेक्टर राजेश शुक्ला ने भी पूरे अभियान की जानकारी दी.