Morena में दुकान पर हमला, दुकानदार और पिता से मारपीट. CCTV जांच में जुटी पुलिस
मुरैना के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दुकान पर घुसकर दुकानदार और उसके पिता से मारपीट का मामला सामने आया है. शराब के लिए पैसे मांगने और विरोध पर हमला करने का आरोप है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है.
मुरैना जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बीच बाजार स्थित एक दुकान पर मारपीट का मामला सामने आया है. पीड़ित ने कुछ लोगों पर दुकान में घुसकर हमला करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, घटना मां बेटी चौराहे के पास की है. शिकायतकर्ता नवीन मित्तल ने पुलिस को बताया कि रविवार को वह अपने पिता प्रमोद मित्तल के साथ दुकान पर मौजूद थे. इसी दौरान लक्ष्मण गुर्जर, उसका भाई रामतीर्थ गुर्जर और उनके दो अन्य साथी वहां पहुंचे.
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने पहले शराब पीने के लिए पैसे मांगे. विरोध करने पर गाली-गलौज शुरू कर दी. इसके बाद कथित तौर पर दुकान में रखा डंडा उठाकर नवीन मित्तल के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं.
पीड़ित का आरोप है कि बीच-बचाव करने आए उनके पिता प्रमोद मित्तल के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की, जिससे उन्हें भी चोटें आईं. शोर सुनकर आसपास के लोग और पीड़ित का भाई मौके पर पहुंचे. इसके बाद आरोपी वहां से चले गए. जाते समय उन्होंने कथित तौर पर दोबारा जान से मारने की धमकी भी दी.
मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Anubhav Dubey 
