Jailer 2: फिल्म रजनीकांत की, लेकिन महफिल ऋतिक रोशन लूट गए, चुलबुल पांडे से क्या है कनेक्शन?
रजनीकांत की 'जेलर 2' में ऋतिक रोशन के कैमियो की चर्चा है. जानिए उनकी एंट्री, चश्मा उतारने के स्टाइल और सलमान खान के चुलबुल पांडे से कनेक्शन की पूरी कहानी.
Jailer 2 Hrithik Roshan Cameo: सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' में ऋतिक रोशन के कैमियो की चर्चा हो रही है. उनकी स्टाइलिश एंट्री, दमदार बैकग्राउंड म्यूजिक और चश्मा पहनने-उतारने के अंदाज ने दर्शकों का ध्यान खींचा है. खास बात यह है कि ऋतिक का चश्मा रखने का तरीका सलमान खान के मशहूर किरदार चुलबुल पांडे की याद दिलाता है.
रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' 15 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है. फिल्म में रजनीकांत के साथ मोहनलाल, विद्या बालन, जैकी श्रॉफ और मिथुन चक्रवर्ती जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं. लेकिन फिल्म के एक कैमियो ने सोशल मीडिया पर खासा ध्यान खींचा है. यह कैमियो ऋतिक रोशन का है, जिनकी एंट्री को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिलने की बात सामने आई है.
'जेलर 2' में किस अंदाज में हुई ऋतिक रोशन की एंट्री?
फिल्म में ऋतिक रोशन 'रोडी' नाम के किरदार में दिखाई देते हैं. वह टाइगर मुथुवेल पांडियन यानी रजनीकांत के किरदार को जेल से छुड़ाने पहुंचते हैं. इसकी वजह 20 साल पुराना एक एहसान बताया गया है, जब टाइगर ने रोडी की मदद की थी.
ऋतिक की एंट्री को दमदार बैकग्राउंड म्यूजिक के साथ फिल्माया गया है. कार से बाहर निकलते हुए उनका अंदाज, हरी आंखें और स्क्रीन पर उनकी मौजूदगी इस सीन को खास बनाते हैं. फिल्म में ऋतिक तमिल बोलते भी नजर आते हैं.
लेकिन उनके कैमियो में सिर्फ स्टाइल ही नहीं, बल्कि दो बड़े सितारों के अंदाज की झलक भी देखने को मिलती है.
सलमान खान के चुलबुल पांडे से क्या है कनेक्शन?
ऋतिक रोशन के इस सीन की सबसे दिलचस्प बात उनका चश्मा उतारने का तरीका है. वह चश्मा उतारकर उसे किसी जेब में रखने के बजाय शर्ट के पीछे खोंस लेते हैं. यह अंदाज सलमान खान की फिल्म 'दबंग' के मशहूर किरदार चुलबुल पांडे की याद दिलाता है.
वहीं, चश्मा पहनते समय ऋतिक उसे जिस स्टाइल में घुमाते हैं, वह रजनीकांत के सिग्नेचर स्टाइल की झलक देता है. इस तरह उनके कैमियो में सलमान खान के चुलबुल पांडे वाले अंदाज और रजनीकांत की खास स्टाइल का दिलचस्प मेल दिखाई देता है.
40 साल बाद फिर साथ आए रजनीकांत और ऋतिक
रजनीकांत और ऋतिक रोशन इससे पहले साल 1986 में रिलीज हुई फिल्म 'भगवान दादा' में साथ काम कर चुके हैं. ऐसे में करीब 40 साल बाद दोनों को एक बार फिर साथ देखना दर्शकों के लिए खास माना जा रहा है.
'जेलर 2' के ट्रेलर में ऋतिक की सिर्फ झलक दिखाई गई थी. फिल्म रिलीज होने के बाद उनके कैमियो और एंट्री को लेकर चर्चा तेज हो गई है. हालांकि, फिल्म में उनकी भूमिका कितनी लंबी है और कहानी में आगे क्या मोड़ आता है, यह जानने के लिए पूरी फिल्म देखनी होगी.
फिलहाल, 'जेलर 2' में रजनीकांत के साथ ऋतिक रोशन की मौजूदगी और उनके चुलबुल पांडे जैसे अंदाज ने इस कैमियो को चर्चा का विषय बना दिया है.

