जीतू पटवारी का बड़ा हमला: BJP पर किसानों से धोखा, भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी के गंभीर आरोप
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने राज्य सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर किसानों से धोखा, भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी के गंभीर आरोप लगाए।
भोपाल स्थित निवास पर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों के साथ लगातार धोखा हो रहा है और सरकार अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है।
जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि किसानों की आय दोगुनी करने का दावा बार-बार किया गया, लेकिन जमीनी हकीकत इसके उलट है। उन्होंने कहा कि मंडियों में किसानों को उनकी उपज का सही दाम नहीं मिल रहा है और कई बार सरकारी खरीद प्रक्रिया में देरी से किसानों को नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गेहूं खरीद में लाखों क्विंटल अनाज खुले बाजार में बेचने की स्थिति बनी।
उन्होंने खाद और उर्वरक संकट का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यूरिया और डीएपी की भारी कमी से किसान परेशान हैं। पटवारी ने दावा किया कि बोरी के वजन और कीमत को लेकर भी किसानों के साथ अन्याय हुआ है।
प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने वल्लभ भवन में भ्रष्टाचार और ट्रांसफर पोस्टिंग में लेन-देन के आरोप लगाए। उनका कहना था कि हर महीने तबादलों के आदेश भ्रष्टाचार का संकेत देते हैं। जीतू पटवारी ने मध्यप्रदेश सरकार पर यह भी आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय और घरेलू हालात का हवाला देकर पेट्रोल, गैस और खाद संकट को छिपाया जाता है, जबकि वास्तविक स्थिति अलग है।
इंदौर वंदे मातरम विवाद और अन्य स्थानीय मामलों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रगीत के सम्मान के खिलाफ नहीं है, लेकिन लोगों को अपनी राय रखने का अधिकार है। अंत में उन्होंने घोषणा की कि वे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ उपवास करेंगे और सरकार की नीतियों के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा। कांग्रेस ने इसे किसानों के हितों की लड़ाई बताया है, जबकि भाजपा की ओर से इन आरोपों पर अब तक कोई विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं आई है।
Varsha Shrivastava 
