मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने थिएटर में नीचे बैठकर देखी मूवी, इंदौर में BJP कार्यकर्ताओं के साथ देखने पहुंचे थे फिल्म 'शतक'
इंदौर में 450 BJP कार्यकर्ताओं के साथ ‘शतक’ फिल्म देखने पहुंचे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, थिएटर में सीट न मिलने पर जमीन पर बैठकर देखी मूवी
इंदौर। मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय (Kailash Vijayvargiya) की तस्वीरों सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जिसमें मंत्री विजयवर्गीय सिनेमा हॉल के अंदर जमीन पर बैठकर फिल्म देखते नजर आ रहे हैं। दरअसल, वे इंदौर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षीय यात्रा पर आधारित फिल्म ‘शतक’ देखने पहुंचे थे, लेकिन थिएटर में भीड़ ज्यादा होने के कारण उन्हें सीट नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने जमीन पर बैठकर ही फिल्म देखना बेहतर समझा।

450 BJP कार्यकर्ताओं के साथ ‘शतक’ देखने पहुंचे मंत्री विजयवर्गीय
इस मौके पर मंत्री विजयवर्गीय के साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद थे। करीब 450 से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ फिल्म देखने का आयोजन किया गया था। सिनेमा हॉल पूरी तरह भरा हुआ था और सीटों की कमी के कारण कई लोगों को जमीन पर बैठकर ही फिल्म देखनी पड़ी। इसी दौरान मंत्री विजयवर्गीय भी कार्यकर्ताओं के साथ नीचे बैठ गए। उनका यह सादा अंदाज अब चर्चा का विषय बन गया है।

फिल्म देखने के बाद मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि कार्यकर्ताओं की इच्छा थी कि सभी लोग मिलकर ‘शतक’ फिल्म देखें, इसलिए इस आयोजन की योजना बनाई गई थी। उन्होंने बताया कि यह फिल्म राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 साल की यात्रा और उसके कार्यों को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि संघ की शुरुआत से लेकर आज तक की यात्रा, उसका उद्देश्य और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका इस फिल्म के माध्यम से समझी जा सकती है। मंत्री विजयवर्गीय ने यह भी कहा कि संघ ने देश में सेवा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। उनके मुताबिक इस फिल्म के जरिए लोगों को संघ के इतिहास और विचारधारा को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। हालांकि फिल्म को लेकर बातचीत के बाद जब मीडिया ने उनसे अन्य राजनीतिक मुद्दों पर सवाल पूछे, तो मंत्री विजयवर्गीय ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और चुप्पी साधते हुए आगे बढ़ गए।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश सरकार ने हाल ही में इस फिल्म को पूरे प्रदेश में टैक्स फ्री घोषित किया है। मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी घोषणा करते हुए कहा था कि यह फिल्म राष्ट्रसेवा और संस्कारों की परंपरा को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करती है। उन्होंने इसे राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देने वाली फिल्म बताते हुए लोगों से इसे देखने की अपील भी की है।
Varsha Shrivastava 
