इंदौर: एमडी ड्रग सप्लाई मामले में बड़ा खुलासा, जांच के लिए पुलिस टीम रतलाम रवाना
मामले की जांच का दायरा अब इंदौर से बाहर तक फैल गया है। पुलिस ने जांच के सिलसिले में एक विशेष टीम को रतलाम रवाना किया है।
इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र में पकड़े गए एमडी ड्रग सप्लाई के मामले में पुलिस को लगातार अहम जानकारियां मिल रही हैं। इस मामले की जांच का दायरा अब इंदौर से बाहर तक फैल गया है। पुलिस ने जांच के सिलसिले में एक विशेष टीम को रतलाम रवाना किया है, जहां आरोपियों द्वारा पार्टी आयोजित कर एमडी ड्रग सप्लाई किए जाने की जानकारी सामने आई है।
यह पूरा मामला 12 जनवरी को उजागर हुआ था, जब कनाड़िया थाना पुलिस ने भोपाल के एक स्कूल संचालक अबान को गिरफ्तार किया था। आरोपी अबान थार वाहन से इंदौर में एमडी ड्रग की सप्लाई करने आया था। पुलिस ने जब उसे पकड़ा और पूछताछ की, तो इस अवैध नेटवर्क की परतें खुलती चली गईं। पूछताछ के दौरान वैभव उर्फ बाबा की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने वैभव और उसके साथ शामिल दो युवतियों को भी गिरफ्तार किया। जांच में खुलासा हुआ कि ये आरोपी इंदौर में आयोजित होने वाली हाई-प्रोफाइल पार्टियों में एमडी ड्रग की सप्लाई करते थे। इसमें दोनों युवतियां भी सक्रिय भूमिका निभाती थीं और वैभव के साथ मिलकर पार्टियों में ड्रग पहुंचाती थीं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी वैभव के तार गोवा में होने वाली पार्टियों से जुड़े हुए हैं। इसके अलावा, आरोपियों ने रतलाम में भी एक पार्टी आयोजित की थी, जहां एमडी ड्रग की सप्लाई की गई थी। इसी कड़ी में पुलिस ने रतलाम में जांच के लिए टीम भेजी है, ताकि वहां से जुड़े तथ्यों और अन्य आरोपियों की जानकारी जुटाई जा सके। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आने वाले समय में इस ड्रग रैकेट से जुड़े और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
Varsha Shrivastava 
