राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का पांच दिवसीय MP दौरा: इंदौर में थ्री-लेयर सुरक्षा, एयरपोर्ट क्षेत्र ‘नो-फ्लाइंग जोन’ घोषित
द्रौपदी मुर्मू 18 से 22 जून तक मध्य प्रदेश के पांच दिवसीय आधिकारिक दौरे पर रहेंगी। भारत की राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाएं की।
इंदौर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 18 जून से 22 जून तक मध्य प्रदेश के पांच दिवसीय आधिकारिक दौरे पर रहेंगी। अपने दौरे के पहले दिन राष्ट्रपति इंदौर पहुंचेंगी, जहां से वे सीधे ओंकारेश्वर रवाना होकर भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगी। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर इंदौर जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली और संभावित स्थलों का दौरा किया।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाई अलर्ट
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि राष्ट्रपति की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए निर्धारित एसओपी, सुरक्षा प्रोटोकॉल तथा सभी मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। दौरे से पहले केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस टीम ने राष्ट्रपति के आगमन, आवागमन मार्ग और कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर रिहर्सल भी किया है।

एयरपोर्ट क्षेत्र नो-फ्लाई जोन घोषित
राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए थ्री-लेयर सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। सुरक्षा बलों द्वारा सभी संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि कार्यक्रमों का संचालन सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से किया जा सके।

राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और आसपास के पांच किलोमीटर क्षेत्र को अस्थायी रूप से नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है। इस दौरान ड्रोन, पैराग्लाइडर अथवा अन्य उड़ने वाली वस्तुओं के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन का कहना है कि यह कदम राष्ट्रपति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
17 से 19 जून तक रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे को ध्यान में रखते हुए 17 जून से 19 जून तक विशेष यातायात डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है। राष्ट्रपति के काफिले के गुजरने के दौरान कुछ मार्गों को अस्थायी रूप से नो-व्हीकल जोन बनाया जाएगा। वीवीआईपी मूवमेंट समाप्त होते ही संबंधित मार्गों पर यातायात सामान्य रूप से शुरू कर दिया जाएगा। प्रशासन ने आम नागरिकों, यात्रियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे ट्रैफिक डायवर्जन एवं पार्किंग संबंधी निर्देशों का पालन करें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें।

सिकल सेल दिवस में शामिल होंगी राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 जून को अंतरराष्ट्रीय सिकल सेल दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष जागरूकता कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद वे ग्वालियर, जबलपुर और श्योपुर जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगी। उनके कार्यक्रमों में कूनो राष्ट्रीय उद्यान का भ्रमण भी प्रस्तावित है। प्रशासन का दावा है कि राष्ट्रपति के दौरे को सुरक्षित, सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Varsha Shrivastava 
