कूनो से निकला चीता गांव में घुसा, भैंस का शिकार कर फैलाई दहशत
Sheopur के घनायचा गांव में चीते का हमला, भैंस को बनाया शिकार, ग्रामीणों में डर
Sheopur। Kuno National Park से बाहर निकला एक चीता एक बार फिर रिहायशी इलाके में पहुंच गया, जिससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। जिले के घनायचा गांव में चीते ने एक भैंस पर हमला कर उसे अपना शिकार बना लिया। घटना के दौरान पशुपालक अपनी आंखों के सामने भैंस को बचा नहीं सका और उसने पूरे घटनाक्रम को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
चीते के गांव में पहुंचने की खबर फैलते ही ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। लोगों ने एहतियात के तौर पर अपने बच्चों और मवेशियों को घरों और बाड़ों में सुरक्षित कर लिया, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो।
जानकारी के मुताबिक, घनायचा गांव के ग्रामीण रोजाना की तरह अपने मवेशियों को जंगल की ओर चराने ले गए थे। इसी दौरान शिकार की तलाश में घात लगाए बैठे चीते ने अचानक एक भैंस पर हमला कर दिया। देखते ही देखते चीते ने भैंस को मौत के घाट उतार दिया। पशुपालक पहले तो घबरा गया, लेकिन बाद में सुरक्षित दूरी बनाकर पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करता रहा।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों को चीते से दूरी बनाए रखने और किसी भी तरह की छेड़छाड़ या हमला न करने की सलाह दी। टीम ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और चीते की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि कूनो नेशनल पार्क से चीते के बार-बार रिहायशी इलाकों में पहुंचने से लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने वन विभाग से गांवों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम करने और चीते की नियमित मॉनिटरिंग की मांग की है।
Varsha Shrivastava 
