MP सरकार के बेड़े में शामिल होगा नया VVIP विमान, जुलाई में कनाडा से आएगा Challenger 3500 Jet

मध्य प्रदेश सरकार के बेड़े में जल्द ही एक नया अत्याधुनिक चैलेंजर 3500 जेट विमान कनाडा की कंपनी बाम्बार्डियर से जून-जुलाई 2026 तक शामिल होने की उम्मीद है।

MP सरकार के बेड़े में शामिल होगा नया VVIP विमान, जुलाई में कनाडा से आएगा Challenger 3500 Jet

मध्य प्रदेश सरकार को जल्द ही एक नया अत्याधुनिक VVIP जेट विमान मिलने जा रहा है। कनाडा की कंपनी Bombardier से खरीदा जा रहा चैलेंजर 3500 विमान जून के अंत या जुलाई 2026 की शुरुआत तक राज्य के बेड़े में शामिल होने की उम्मीद है। इस विमान की अनुमानित लागत करीब 250 से 300 करोड़ रुपये बताई जा रही है, जिसके लिए राज्य सरकार ने बजट में प्रावधान भी किया है।

यह सुपर मिड-साइज बिजनेस जेट 8 से 10 यात्रियों की क्षमता वाला होगा और लगभग 870 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान भर सकेगा। साथ ही, यह एक बार में 3500 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करने में सक्षम है। यह विमान मुख्य रूप से मुख्यमंत्री और अन्य वीवीआईपी मूवमेंट के लिए उपयोग किया जाएगा, जिससे राज्य के उच्चस्तरीय दौरे अधिक सुगम और समयबद्ध हो सकेंगे।

विमान के संचालन को लेकर भी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। विमानन संचालनालय के वरिष्ठ पायलट को अगले महीने विदेश भेजा जाएगा, जहां उन्हें इस अत्याधुनिक विमान के संचालन और तकनीकी पहलुओं की विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके अलावा, तकनीकी जांच और अंतिम निरीक्षण के लिए विशेषज्ञों की टीम भी कनाडा जाएगी।

गौरतलब है कि वर्ष 2021 में राज्य का पुराना सरकारी विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसके बाद से सरकार को VVIP यात्रा के लिए किराए के विमानों पर निर्भर रहना पड़ रहा था। नए जेट के आने से यह निर्भरता समाप्त होगी और राज्य को अपनी स्वतंत्र हवाई सुविधा मिल सकेगी।