Maihar में पुलिस की सख्ती: वाहन चेकिंग में काटे 40 चालान, ₹32,600 जुर्माना वसूला
भदनपुर में बदेरा में यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा, बिना हेलमेट-काली फिल्म समेत 40 वाहनों पर हुई कार्रवाई
Maihar। जिले के बदेरा थाना अंतर्गत यातायात नियमों के पालन और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर बदेरा पुलिस ने शनिवार को ग्राम भदनपुर में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया।

न्यायिक मजिस्ट्रेट मैहर पंकज श्रीवास्तव की उपस्थिति में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 40 वाहन चालकों के चालान काटकर कुल 32,600 रुपये समन शुल्क/जुर्माना वसूल किया।

थाना प्रभारी बदेरा निरीक्षक अभिषेक सिंह परिहार के नेतृत्व में पुलिस बल और यातायात पुलिस के उपनिरीक्षक विक्रम पाठक ने वाहनों की सघन जांच की। चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट, बिना नंबर प्लेट, तीन सवारी, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने और वाहनों में अवैध काली फिल्म, स्टीकर और हूटर लगाए जाने जैसे उल्लंघन पाए गए।

पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करने के साथ सुरक्षित यात्रा करने की हिदायत दी गई।

Varsha Shrivastava 
