मैहर में चलती यात्री बस में लगी भीषण आग, ड्राइवर-कंडक्टर ने कूदकर बचाई जान
मैहर के भेड़ा गेट के पास मंगलवार रात एक चलती यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
मैहर जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत भेड़ा गेट के पास मंगलवार रात एक चलती यात्री बस में भीषण आग लग गई। रात करीब 11 बजे हुई इस घटना में बस धू-धू कर जल गई। बस में सवार ड्राइवर, कंडक्टर और हेल्पर ने कूदकर अपनी जान बचाई।
'जय माँ ट्रेवल्स' की यह बस यात्रियों को कटनी में छोड़कर रीवा की ओर लौट रही थी। बस खाली होने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भेड़ा गेट के पास पहुंचते ही बस के अगले हिस्से से अचानक आग की लपटें उठने लगीं।

बस चला रहे ड्राइवर लाला तिवारी और कंडक्टर रुद्रे बघेल ने आग देखते ही तुरंत बस रोकी और हेल्पर के साथ बाहर कूद गए। कुछ ही मिनटों में पूरी बस जलकर खाक हो गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और नादन थाना प्रभारी रेनू मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने तुरंत हाईवे पर यातायात नियंत्रित किया और फायर ब्रिगेड को बुलाया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस का केवल ढांचा ही बचा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

