Maihar: उफनते पानी में बहा मासूम, ग्रामीणों ने बचाई जान

स्कूल से लौटते समय मौत से सामना: बारिश के तेज बहाव में बहा पहली कक्षा का बच्चा, फरिश्ता बने ग्रामीणों ने बचाया, घटना का वीडियो आया सामने

Maihar: उफनते पानी में बहा मासूम, ग्रामीणों ने बचाई जान

मैहर से सनी जायसवाल की रिपोर्ट। 

मैहर जिले के माध्यमिक शाला भदनपुर से छुट्टी के बाद हुई एक घटना का दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। लगातार हो रही बारिश के कारण जलमग्न सड़क पार करते समय पहली कक्षा में पढ़ने वाला एक छात्र तेज बहाव में बह गया। हालांकि मौके पर मौजूद ग्रामीणों की तत्परता से बच्चे की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, विद्यालय की छुट्टी होने के बाद छात्र अपनी बहन और अन्य विद्यार्थियों के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान स्कूल के पास बारिश का पानी सड़क पर भर गया था और पानी का बहाव काफी तेज था। सड़क पार करते समय अचानक बच्चे का संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में गिरकर बहाव के साथ पुल के अंदर बने ढोले में चला गया।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बच्चे को बहते हुए देखा तो तुरंत दौड़कर उसे बाहर निकाला। समय रहते किए गए इस प्रयास से बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद लोगों ने कहा कि "जाको राखे साइयां, मार सके न कोय।"

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में जलभराव और तेज बहाव के बीच बच्चे के बहने और ग्रामीणों द्वारा उसे बचाने का दृश्य दिखाई दे रहा है। इस घटना ने स्कूलों के आसपास जलभराव और विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इस संबंध में जब विकासखंड स्रोत समन्वयक (बीआरसी) आनंद शुक्ला से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बारिश के मौसम में जलभराव वाले मार्गों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएं और स्कूलों के आसपास जोखिम वाले स्थानों की निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।