मऊगंज में घरेलू विवाद में बड़े भाई की हत्या, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

मऊगंज के गनिगवां गांव में घरेलू विवाद के चलते एक युवक की हत्या का मामला सामने आया। पुलिस ने आरोपी छोटे भाई को गिरफ्तार कर लाठी और चाकू बरामद किया।

मऊगंज में घरेलू विवाद में बड़े भाई की हत्या, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

रिपोर्ट: राजेंद्र पयासी, मऊगंज

मऊगंज। जिले के लौर थाना क्षेत्र के ग्राम गनिगवां में घरेलू विवाद के दौरान एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि छोटे भाई ने अपने बड़े भाई पर लाठी और चाकू से हमला कर उसकी जान ले ली। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम गनिगवां निवासी अखिलेश सोंधिया ने 10 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके छोटे भाई नीलेश सोंधिया ने घरेलू विवाद के चलते मझले भाई विमलेश सोंधिया की हत्या कर दी है। सूचना मिलने के बाद लौर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।

जांच के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 307/26 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 11 जुलाई को 23 वर्षीय आरोपी नीलेश सोंधिया को हिरासत में लिया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने लाठी और चाकू से 30 वर्षीय विमलेश की हत्या करने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लाठी और चाकू भी बरामद किए गए हैं।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मऊगंज सुरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम और एसडीओपी सचि पाठक के मार्गदर्शन में की गई। आरोपी की गिरफ्तारी में निरीक्षक राजेश पटेल, प्रधान आरक्षक अवनीश पाण्डेय, आरक्षक शत्रुध्न सिंह और वीरेन्द्र शुक्ला की विशेष भूमिका रही।