Mauganj में किसानों के मुद्दों पर कांग्रेस का प्रदर्शन

मऊगंज और नईगढ़ी में किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री और मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया.

Mauganj में किसानों के मुद्दों पर कांग्रेस का प्रदर्शन

राजेंद्र पयासी 

मऊगंज. किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर कांग्रेस एक बार फिर सड़क पर उतर आई. मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह चौहान के निर्देश पर नईगढ़ी ब्लॉक किसान कांग्रेस कमेटी ने ब्लॉक चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया. प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री, मुख्यमंत्री और प्रदेश के कृषि मंत्री का पुतला दहन भी किया गया.

कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी मऊगंज के उपाध्यक्ष नृपेन्द्र सिंह पिंटू मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे. वहीं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नईगढ़ी के अध्यक्ष एडवोकेट अखिलेश पटेल और ब्लॉक किसान कांग्रेस नईगढ़ी के अध्यक्ष शीवेन्द्र सिंह सिब्बू के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया.

प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर ब्लॉक चौराहे पर पहुंचे और सरकार विरोधी नारे लगाए. कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण प्रदेश के किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उनका कहना था कि मूंग सहित अन्य फसलों की एमएसपी पर खरीदी नहीं होने से किसानों को अपनी उपज कम कीमत पर बेचनी पड़ रही है.

कांग्रेस नेताओं ने खाद वितरण व्यवस्था पर भी सवाल उठाए. उनका आरोप था कि ई टोकन प्रणाली पूरी तरह विफल साबित हुई है, जिसके कारण किसान घंटों लाइन में लगने को मजबूर हैं. साथ ही खेती के लिए समय पर पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से फसलों को नुकसान पहुंच रहा है.

सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष नृपेन्द्र सिंह पिंटू ने कहा कि कांग्रेस किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा. उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की नीव है और यदि किसान कमजोर होगा तो देश की आर्थिक व्यवस्था भी प्रभावित होगी.

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट अखिलेश पटेल ने कहा कि कांग्रेस किसान हितों की लड़ाई अंतिम सांस तक लड़ती रहेगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव गांव जाकर किसानों को उनकी समस्याओं और अधिकारों के प्रति जागरूक करने की अपील की.

कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय कृषि मंत्री, मुख्यमंत्री और प्रदेश के कृषि मंत्री का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया. प्रदर्शन "जय जवान जय किसान" के नारों के साथ समाप्त हुआ.

इस दौरान ॠषिराज पाण्डेय, रामसजीवन सोनी, विष्णु प्रताप सिंह, बृजेश पटेल, कमलेश पटेल, शैलेन्द्र पटेल, देवेन्द्र त्रिपाठी, शेषमणि पटेल, दाऊराम प्रजापति, मंगलदीन सोनी, अभिषेक तिवारी, प्रसून सिंह, सीवेन्द्र प्रताप सिंह, रोशन खान, यूसुफ खान, अजय पुरी, संजीव कुशवाहा, सच्चेलाल पटेल, पवन पटेल, राजबहादुर सोनी, रामजी पटेल, रमेश पटेल, पिन्टू मिश्रा, सनत मिश्रा, चन्द्र प्रताप मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे.

कांग्रेस ने केवल नईगढ़ी ही नहीं बल्कि मऊगंज जिला मुख्यालय और जिले के अन्य विकास खण्डों में भी किसानों की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया. विभिन्न स्थानों पर कृषि मंत्री और मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया.