मऊगंज के दयानंद स्कूल में विधिक साक्षरता शिविर, 106 छात्रों को कानून और साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
मऊगंज के दयानंद पब्लिक स्कूल में आयोजित विधिक साक्षरता शिविर में 106 छात्रों को कानून, साइबर सुरक्षा, निःशुल्क कानूनी सहायता और लोक अदालत की जानकारी दी गई.
मऊगंज. छात्रों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और कानून की बुनियादी जानकारी देने के उद्देश्य से मऊगंज के दयानंद पब्लिक स्कूल में तहसील विधिक सेवा समिति की ओर से विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 106 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और कानून, साइबर सुरक्षा तथा निःशुल्क विधिक सहायता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं.
शिविर की अध्यक्षता द्वितीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश विवेक बुखरिया ने की। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि कानून का उद्देश्य लोगों में भय पैदा करना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को न्याय, सम्मान और सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने निःशुल्क कानूनी सहायता, विधिक सेवा योजनाओं और लोक अदालत की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए छात्रों से अन्याय के खिलाफ जागरूक रहने और जरूरत पड़ने पर कानूनी मदद लेने की अपील की.
कार्यक्रम के दौरान न्यायाधीश ने साइबर अपराध और लैंगिक अपराध जैसे संवेदनशील विषयों पर भी छात्रों को जागरूक किया। उन्होंने इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने, अजनबियों से ऑनलाइन संपर्क से बचने और अपनी निजी जानकारी साझा न करने की सलाह दी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत अभिभावकों या शिक्षकों को देने पर जोर दिया गया. कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और सभी 106 छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने कानून से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से उत्तर दिया। समिति ने बताया कि आने वाले समय में जिले के अन्य विद्यालयों में भी ऐसे विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे.
Anubhav Dubey 
