मऊगंज में सरकारी रास्ता जोतकर बंद करने का आरोप, सैकड़ों ग्रामीण पहुंचे तहसील

मऊगंज के पथरौडा कला गांव में वर्षों पुराने सरकारी रास्ते को जोतकर बंद करने का आरोप लगा है। सैकड़ों ग्रामीणों ने नईगढ़ी तहसील पहुंचकर कार्रवाई की मांग की।

मऊगंज में सरकारी रास्ता जोतकर बंद करने का आरोप, सैकड़ों ग्रामीण पहुंचे तहसील

मऊगंज | राजेंद्र पयासी

मऊगंज जिले की नईगढ़ी तहसील अंतर्गत ग्राम पथरौडा कला में वर्षों पुराने शासकीय आवागमन मार्ग को कथित रूप से अवरुद्ध किए जाने का मामला सामने आया है। इससे नाराज बस्ती के सैकड़ों ग्रामीण शनिवार को नईगढ़ी तहसील कार्यालय पहुंचे और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर रास्ता खुलवाने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव के मुख्य मार्ग से बस्ती को जोड़ने वाला आम निस्तार का सरकारी रास्ता दशकों से आवागमन के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। इसी रास्ते से बच्चे स्कूल जाते हैं, जबकि ग्रामीण अपने रोजमर्रा के कामों के लिए भी इसका उपयोग करते हैं।

ट्रैक्टर चलाकर रास्ता जोतने का आरोप

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने ट्रैक्टर चलाकर पुराने आवागमन मार्ग को जोत दिया, जिससे रास्ते से आवाजाही प्रभावित हो गई। ग्रामीणों का दावा है कि मार्ग बंद होने के कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शिकायत में ग्रामीणों ने गांव के बलिराज सिंह, महेंद्र सिंह और छोटेलाल सिंह पर रास्ता अवरुद्ध करने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित पक्ष का पक्ष सामने नहीं आया है।

बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी पहुंचे

राजेंद्र सिंह, बैजनाथ साकेत, प्रभुनाथ साकेत और शिवराम साकेत सहित अन्य ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को अपनी समस्या बताई। तहसील कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शामिल रहे।

पटवारी को मौके की जांच के निर्देश

मामले को लेकर तहसीलदार ने ग्रामीणों का आवेदन स्वीकार करते हुए संबंधित पटवारी को मौके का निरीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। बताया गया है कि पटवारी की रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द रास्ता खुलवाकर आवागमन बहाल कराने की मांग की है। अब बस्ती के लोगों को प्रशासनिक जांच और आगे की कार्रवाई का इंतजार है।