सतना रेलवे स्टेशन पर हंगामा: नशे में धुत यात्री ने RPF जवान की लाठी छीनकर किया हमला

सतना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर नशे में धुत यात्री ने RPF प्रधान आरक्षक की लाठी छीनकर उन पर हमला कर दिया। जवानों ने आरोपी को काबू में लेकर हिरासत में लिया।

सतना रेलवे स्टेशन पर हंगामा: नशे में धुत यात्री ने RPF जवान की लाठी छीनकर किया हमला

सतना। सतना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नशे की हालत में एक यात्री ने आरपीएफ जवान पर हमला कर दिया। आरोप है कि रेलवे ट्रैक पार करने से रोकने और समझाइश देने से नाराज यात्री ने प्रधान आरक्षक के हाथ से लाठी छीन ली और उसी से उन पर कई वार कर दिए। मौके पर मौजूद अन्य आरपीएफ जवानों ने तत्काल हस्तक्षेप कर आरोपी को काबू में लिया।

आरपीएफ के मुताबिक, आरोपी की पहचान 36 वर्षीय बिहारी लाल, पिता गया प्रसाद, निवासी ग्राम बौली, जिला कौशांबी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह किसी ट्रेन से सतना रेलवे स्टेशन पर उतरा था और नशे की हालत में रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश कर रहा था।

ट्रैक पार करते समय गिरा, RPF जवानों ने बचाया

रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश के दौरान यात्री ट्रैक पर गिर गया। वहां मौजूद आरपीएफ के प्रधान आरक्षक जी.एन. सिंह और अन्य जवानों ने उसे ट्रैक से उठाकर सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर पहुंचाया। इसके बाद जवानों ने उसे रेलवे ट्रैक पार न करने और नियमों का पालन करने की समझाइश दी।

समझाइश से नाराज होकर छीन ली लाठी

आरोप है कि समझाइश दिए जाने से यात्री नाराज हो गया। उसने अचानक प्रधान आरक्षक जी.एन. सिंह के हाथ से लाठी छीन ली और उन पर हमला कर दिया। इस दौरान उसने कई बार वार किए। घटना होते ही वहां मौजूद अन्य आरपीएफ जवानों ने बीच-बचाव किया और आरोपी को काबू में लेकर हिरासत में ले लिया।

आरपीएफ के अनुसार, आरोपी के साथ एक अन्य साथी भी यात्रा कर रहा था। घटना के बाद आरोपी के खिलाफ रेलवे अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

घटना के कारण कुछ देर के लिए प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि आरपीएफ जवानों की तत्परता से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।