मऊगंज में शराब ठेकेदार के लोगों के साथ पुलिस के पहुंचने का दावा, वायरल वीडियो से उठे सवाल
मऊगंज के लौर थाना क्षेत्र में पुलिस की छापेमारी का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में पुलिस के साथ शराब ठेकेदार के लोगों के होने का दावा किया जा रहा है। पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
राजेंद्र पयासी मऊगंज
मऊगंज। मऊगंज जिले के लौर थाना क्षेत्र के ग्राम तड़ौरा में पुलिस की एक कथित छापेमारी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि पुलिस शराब ठेकेदार से जुड़े कुछ लोगों के साथ एक घर पर छापेमारी करने पहुंची थी। हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बीती शाम करीब 8 बजे पुलिस एक घर में छापेमारी करने पहुंची थी। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस को मौके से शराब की कोई खेप नहीं मिली। इसके बाद पुलिस कथित रूप से एक व्यक्ति को अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगी। इसी दौरान परिजनों ने विरोध करते हुए शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने पुलिस और उसके साथ मौजूद लोगों से छापेमारी का आधार, सर्च वारंट और कार्रवाई के संबंध में सवाल किए। वायरल वीडियो में भी मौके पर ग्रामीणों की भीड़ दिखाई दे रही है। दावा किया जा रहा है कि बढ़ते विरोध के बीच पुलिस दल और उसके साथ मौजूद लोग बिना किसी को हिरासत में लिए वापस लौट गए।
ग्रामीणों का आरोप है कि छापेमारी के दौरान शराब ठेकेदार से जुड़े कुछ लोग भी पुलिस के साथ मौजूद थे। इसे लेकर क्षेत्र में पुलिस और शराब ठेकेदार के बीच कथित गठजोड़ को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
समाचार लिखे जाने तक लौर थाना पुलिस अथवा जिला प्रशासन की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। थाना प्रभारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हो सका।
Anubhav Dubey 
