मऊगंज पुलिस का बड़ा एक्शन, 85 शीशी प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
मऊगंज पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार-2 के तहत 85 शीशी प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप आनरेक्स और दो मोबाइल के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
राजेंद्र पयासी मऊगंज
मऊगंज। जिले में अवैध नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार-2" के तहत मऊगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप की अवैध बिक्री करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 85 शीशी आनरेक्स कफ सिरप और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम और एसडीओपी सचि पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राम सिंह एवं उनकी टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, हाईवे पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र में कुछ लोग प्रतिबंधित श्रेणी की नशीली कफ सिरप का अवैध कारोबार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान रोशन गुप्ता पिता अशोक कुमार गुप्ता, शिवेन्द्र त्रिपाठी उर्फ शिवू पिता राजकुमार त्रिपाठी तथा संजय उर्फ आनंद उर्फ दीपक पटेल पिता सोहनलाल पटेल के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 85 शीशी प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप "आनरेक्स" और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना मऊगंज में एनडीपीएस एक्ट और ड्रग्स कंट्रोल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
मऊगंज पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
Anubhav Dubey 
