मऊगंज: जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक, कलेक्टर बोले- अत्याचार पीड़ितों को समय पर मिले सहायता
मऊगंज कलेक्टर संजय कुमार जैन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक सम्पन्न
कलेक्टर संजय कुमार जैन की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन और अत्याचार पीड़ितों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए
कलेक्टर ने अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत पीड़ितों को दी गई राहत राशि, गवाहों के यात्रा भत्ते, भरण-पोषण एवं चिकित्सकीय सहायता, मासिक जीवन निर्वाह भत्ता, रोजगार सहायता सहित हत्या से संबंधित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने प्रकरणों के तुरंत और गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर विशेष जोर दिया।
समीक्षा के दौरान सामाजिक पुनर्वास सहायता, जनजागरूकता और जागरूकता शिविरों के आयोजन, प्रभावित क्षेत्रों में कराए गए विकास कार्यों, पुलिस थानों में दर्ज मामलों की स्थिति समेत न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े वित्तीय और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा हुई।

बैठक में अपर कलेक्ट से लेकर अधिकारी उपस्थित रहे
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिनियम के सभी प्रावधानों का संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ पालन सुनिश्चित किया जाए और पात्र हितग्राहियों को शासन द्वारा निर्धारित सहायता समय पर उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में अपर कलेक्टर पी.के. पाण्डेय, एसडीओपी सचि पाठक, जिला अभियोजन अधिकारी, जिला संयोजक अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग नीलकंठ सिंह मारकाम, समिति के सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Varsha Shrivastava 
