मऊगंज में जलभराव के बीच कलेक्टर-एसपी ने किया निरीक्षण, राहत-बचाव कार्यों का लिया जायजा
मऊगंज में बारिश से जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का कलेक्टर संजय कुमार जैन और एसपी सुरेंद्र कुमार जैन ने निरीक्षण किया. राहत शिविर, राशन, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
मऊगंज। जिले में लगातार बारिश के कारण जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं. कलेक्टर संजय कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर मौके पर चल रहे राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया. इस दौरान संबंधित अधिकारी और मैदानी अमला मौजूद रहा.
कलेक्टर ने ग्राम पंचायत कोट पहुंचकर जलभराव की स्थिति देखी और प्रभावित नागरिकों के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने गांव में बनाए गए राहत शिविर का भी जायजा लिया. यहां उपलब्ध भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में ठहरे लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो.
राशन और जरूरी सामान की उपलब्धता जांची
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र कोट और उचित मूल्य दुकान का भी निरीक्षण किया. उन्होंने खाद्यान्न वितरण और जरूरी सामान की जांच की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव से प्रभावित परिवारों को खाद्यान्न और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए. कलेक्टर ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की टीमें एक्टिव रहें और नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जरूरत के मुताबिक तत्काल राहत और बचाव काम किए जाएं.
प्रभावित परिवारों से संपर्क बनाए रखने के निर्देश
प्रशासन की ओर से जलभराव प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. मैदानी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रभावित परिवारों के संपर्क में रहने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं.
देवतालाब मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था भी देखी
कलेक्टर और ने देवतालाब मंदिर परिसर का भी निरीक्षण किया। यहां जलभराव की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया. अधिकारियों को श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
साथ ही जलभराव की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य के लिए मैदानी अमले को सक्रिय रखने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी, सीईओ नईगढ़ी ऊषा किरण गुप्ता, तहसीलदार सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

