मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले से नाबालिग बच्चियों के कथित शोषण का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। शाहपुर थाना क्षेत्र में एक मां पर आरोप है कि उसने आर्थिक लाभ के लालच में अपनी दो नाबालिग बेटियों को अलग-अलग पुरुषों को सौंप दिया। पुलिस जांच में दोनों बच्चियों के गर्भवती होने की बात सामने आई है।
मामले की शुरुआत महाराष्ट्र के जलगांव जिले से हुई थी। बच्चियों की मां ने अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि पिता ने दोनों नाबालिग बेटियों के साथ लंबे समय तक दुष्कर्म किया। महाराष्ट्र पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बताया जा रहा है कि वह करीब दो वर्षों से जेल में है।
कोर्ट में सामने आया गर्भावस्था का मामला
मामले की कानूनी प्रक्रिया के दौरान दोनों नाबालिग बच्चियां न्यायालय में बयान दर्ज कराने पहुंचीं। इसी दौरान उनके गर्भवती होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद जांच की कड़ी बुरहानपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र तक पहुंची और पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, जांच में आरोप सामने आया कि पिता के जेल जाने के बाद मां ने पैसों के लिए दोनों बेटियों को अलग-अलग लोगों को सौंप दिया।
25 हजार और एक लाख रुपये में सौंपने का आरोप
जांच के मुताबिक, एक नाबालिग को कथित तौर पर गिरधर को 25 हजार रुपये में सौंपा गया था। बाद में उसे कथित रूप से एक लाख रुपये में गोविंदा के साथ रहने के लिए भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, बच्ची करीब एक साल तक गोविंदा के साथ रही और इसी दौरान गर्भवती हो गई।
वहीं दूसरी नाबालिग को कथित तौर पर कमलेश को सौंपा गया था। इसके बदले मां को एक लाख रुपये मिलने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, यह बच्ची भी आरोपी के साथ रहने के दौरान गर्भवती हुई।
दो आरोपी गिरफ्तार, तीन की तलाश
पुलिस ने मामले में नाबालिगों की मां समेत पांच लोगों को आरोपी बनाया है। आरोपियों में मां, गिरधर, शेर सिंह, गोविंदा और कमलेश शामिल हैं।
पुलिस ने गोविंदा और कमलेश को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मां, गिरधर और शेर सिंह की तलाश जारी है।
जांच एजेंसियां दोनों बच्चियों की उम्र से संबंधित दस्तावेज, न्यायालय में दर्ज बयान, मेडिकल रिपोर्ट और गर्भावस्था से जुड़े रिकॉर्ड जुटा रही हैं। मामले में डीएनए परीक्षण सहित अन्य वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामला बेहद गंभीर है और सभी आरोपों की विस्तृत जांच की जा रही है। आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर होगी।