मऊगंज में जंगली सूअर का कहर, बगीचे में रखवाली कर रहे किसान पर हमला, हालत गंभीर रीवा रेफर
जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। कोरिगवां गांव में आम के बगीचे में रखवाली कर रहे 49 वर्षीय किसान पर जंगली सूअर ने जानलेवा हमला कर दिया। सूअर के नुकीले दांतों से किसान का शरीर बुरी तरह जख्मी हो गया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर सूअर भाग गया, लेकिन तब तक किसान खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर चुका था।
राजेंद्र पयासी, मऊगंज
कोरिगवां गांव निवासी चंद्रिका पटेल, पिता मोतीलाल पटेल, शाम करीब 6 बजे अपने बगीचे में आम के पेड़ के नीचे बैठकर फसल की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान जंगल की तरफ से भागता हुआ एक विशाल जंगली सूअर सीधे उनके पास पहुंचा और ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सूअर ने दांतों से पेट, जांघ और हाथ पर कई गहरे जख्म कर दिए।
किसान की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग लाठी-डंडे लेकर दौड़े। ग्रामीणों की हल्ला-गुहार से घबराकर सूअर जंगल की ओर भाग निकला।
लहूलुहान हालत में परिजन चंद्रिका को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी लेकर पहुंचे। यहां ड्यूटी पर मौजूद डॉ. आरके पाठक ने बताया, “मरीज को गहरे जख्म हैं, काफी खून बह चुका है। शरीर के कई हिस्सों में दांत के निशान हैं। हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर किया गया है।” फिलहाल, खबर लिखे जाने तक मेडिकल कॉलेज रीवा में घायल किसान का इलाज चल रहा है।
जंगली जानवर के हमले से दहशत में ग्रामीण:
घटना के बाद से कोरिगवां और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी में जंगली जानवर पानी और भोजन की तलाश में बस्ती की ओर आ रहे हैं। आम के बाग सबसे आसान निशाना बन रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों ने वन विभाग एवं वन विकास निगम से जंगली सूअरों के आतंक पर लगाम लगाने की मांग की है।

