नवी मुंबई में 3 साल की बच्ची से स्कूल बस में यौन शोषण का आरोप, ड्राइवर गिरफ्तार
नवी मुंबई के कामोठे में 3 साल की बच्ची से स्कूल बस में यौन शोषण के आरोप में 30 साल के ड्राइवर को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी पुलिस कस्टडी में है और मामले की जांच जारी है.
नवी मुंबई के कामोठे इलाके में 3 साल की बच्ची के साथ स्कूल बस में यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है. पुलिस ने मामले में 30 साल के बस ड्राइवर को गिरफ्तार किया है. आरोपी उसी निजी बस को चलाता था, जिसे स्कूल ने बच्चों को घर छोड़ने के लिए किराए पर लिया था. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
क्या है पूरा मामला?
घटना बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है. स्कूल के किंडरगार्टन और प्राइमरी सेक्शन के बच्चों को बस से घर छोड़ा जा रहा था. एक-एक करके सभी बच्चे अपने-अपने घर उतरते गए. इसके बाद 3 साल की बच्ची बस में अकेली रह गई. वह उस दिन आखिरी छात्रा थी, जिसे घर छोड़ा जाना था. आरोप है कि इसी दौरान ड्राइवर ने बच्ची को अकेला पाकर उसके साथ यौन शोषण किया.
घर पहुंचने के बाद हुआ खुलासा
बच्ची जब घर पहुंची तो उसने पेट में दर्द की शिकायत की. इसके बाद उसने अपनी दादी को बताया कि बस में ड्राइवर अंकल ने उसके साथ गलत हरकत की. बच्ची की बात सुनकर परिवार को घटना की जानकारी हुई. इसके बाद परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया.
आरोपी पुलिस हिरासत में
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पनवेल कोर्ट में पेश किया गया. अदालत ने उसे शनिवार तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े सबूत जुटाए जा रहे हैं. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के वक्त बस में कोई और व्यक्ति मौजूद था या नहीं. बच्ची के बयान और परिवार की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
स्कूल बसों में बच्चों की सुरक्षा पर सवाल
इस घटना ने स्कूल बसों में छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. खास तौर पर तब, जब बच्चों को स्कूल से घर पहुंचाने की जिम्मेदारी बस ड्राइवर और स्टाफ पर होती है.
फिलहाल आरोपी गिरफ्तार है और पुलिस मामले की जांच कर रही है. आरोपों की पूरी सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी.

