नोएडा में 5 मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग, 2 लोगों की मौत; 50 परिवारों का रेस्क्यू
ममूरा गांव में इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्जिंग के दौरान धमाका, पूरी इमारत में फैली आग; कई वाहन जले
उत्तर प्रदेश। गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा में बुधवार दोपहर एक 5 मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई। हादसा सेक्टर-66 स्थित ममूरा गांव की गली नंबर-2 में हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ग्राउंड फ्लोर पर इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्ज करते समय स्पार्क हुआ, जिसके बाद आग ने आसपास खड़े वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग पूरी इमारत में फैल गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा और एक युवती गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, धुएं के कारण एक महिला और एक पुरुष की हालत बिगड़ गई थी, जिन्हें तुरंत एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
संकरी गलियों के कारण रेस्क्यू में आई परेशानी
आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियां, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, ममूरा इलाके की संकरी गलियों के कारण दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। मजबूरी में फायर टेंडरों को मुख्य सड़क पर खड़ा करना पड़ा और वहां से पाइप के जरिए आग बुझाने का काम शुरू किया गया।

आग लगने के बाद बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से बाहर निकलकर सड़क पर आ गए, जिससे इलाके में जाम की स्थिति बन गई। भीड़ और संकरी सड़कों की वजह से राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हुआ। इसके बावजूद पुलिस और दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया।
2 इमारतों के बीच सीढ़ियां लगाकर लोगों को निकाला
इमारत में रहने वाले करीब 50 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के दौरान सामने आए वीडियो में देखा गया कि आसपास की दो इमारतों की छतों के बीच सीढ़ियां लगाई गईं, जिनकी मदद से लोग दूसरी बिल्डिंग की ओर जाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचे। दमकल कर्मियों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अधिकारियों के मुताबिक, इमारत में रहने वाले सभी परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
30 से 40 वाहन जलकर राख
आग की चपेट में आने से इमारत के नीचे खड़े कई वाहन भी जल गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब 30 से 40 गाड़ियां और दोपहिया वाहन आग में क्षतिग्रस्त हुए हैं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोगों में डर का माहौल बन गया। प्रारंभिक जांच में इलेक्ट्रिक वाहन की चार्जिंग के दौरान हुई तकनीकी खराबी को आग लगने की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।

बिल्डिंग संचालक पर कार्रवाई, मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश
नोएडा पुलिस ने लापरवाही के आरोप में बिल्डिंग के लीजहोल्डर और ऑपरेटर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी नोएडा की घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने, राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को लगातार स्थिति पर नजर रखने और प्रभावित लोगों की मदद सुनिश्चित करने को कहा है। फिलहाल, प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को सुरक्षित सहायता उपलब्ध कराना और आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच करना है।
Varsha Shrivastava 
