शाजापुर: वार्ड 28 में खुला विद्युत पोल बना हादसे को दावत, बच्चों की जान को खतरा

बार-बार शिकायत के बावजूद प्रशासन और पार्षद बेखबर, कॉलोनीवासियों में आक्रोश

शाजापुर: वार्ड 28 में खुला विद्युत पोल बना हादसे को दावत, बच्चों की जान को खतरा

शाजापुर। शहर के वार्ड 28 कृष्णा कॉलोनी में दुपाड़ा रोड से लगे कॉर्नर पर, सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल और सिद्धार्थ नगर के जोड़ पर स्थित एक विद्युत पोल खुला होने के कारण बड़े हादसे को न्योता दे रहा है। इसी मार्ग से रोजाना सरस्वती विद्या मंदिर और उमिया ज्ञानपीठ पाटीदार छात्रावास के छात्र-छात्राओं का आवागमन होता है, जिससे उनकी जान पर लगातार खतरा बना हुआ है।

पोल के खुले होने से करंट लगने का खतरा

स्थानीय निवासियों के अनुसार, पोल के खुले होने से छात्रों, कॉलोनी के बच्चों और आम नागरिकों को करंट लगने का खतरा हमेशा बना रहता है। कॉलोनीवासियों ने इस गंभीर समस्या को लेकर विद्युत कंपनी और वार्ड 28 के पार्षद को कई बार अवगत कराया, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई और पोल अपनी जगह ज्यों का त्यों स्थित है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि प्रशासन की इस लापरवाही के चलते किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, खासकर स्कूली बच्चों के लिए यह स्थिति अत्यंत खतरनाक है। लोगों ने संबंधित विभाग से तत्काल पोल की मरम्मत या सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि किसी अनहोनी को टाला जा सके।