कालापीपल को 30.86 करोड़ की विकास सौगात, CM डॉ. मोहन यादव ने 12 परियोजनाओं का किया भूमिपूजन-लोकार्पण
शाजापुर के हर गांव तक पहुंचेगा नर्मदा जल: कालापीपल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की कई बड़ी घोषणाएं, कहा- क्षेत्र में 4 लाख पौधे रोपित करने का अभियान वृक्ष गंगा का नया रिकॉर्ड बना
शाजापुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को शाजापुर जिले की कालापीपल तहसील में आयोजित किसान समृद्धि संकल्प सम्मेलन में लगभग 30.86 करोड़ रुपये की लागत से 12 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण कर क्षेत्र को बड़ी विकास सौगात दी। इस दौरान उन्होंने किसानों, महिलाओं और युवाओं के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गांव, गरीब और किसान के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है।
किसानों और महिलाओं ने किया आत्मीय स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलन से की इसके बाद सरस्वती वंदना और कन्या पूजन हुआ। किसान प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को हल भेंट कर भावांतर भुगतान योजना और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण चुकाने की अवधि बढ़ाने के लिए आभार व्यक्त किया। वहीं महिला किसानों ने मुख्यमंत्री को राखी बांधकर उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भी किसानों और महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश की प्रगति में कृषि और महिला सशक्तिकरण की महत्वपूर्ण भूमिका है। सीएम ने शाजापुर जिले के प्रत्येक गांव तक नर्मदा का पानी पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि इससे किसानों को सिंचाई के लिए रात में खेतों पर नहीं जाना पड़ेगा और दिन में पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।
4 विकास कार्यों का भूमिपूजन और 8 विकास कार्यों का लोकार्पण
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर 1 करोड़ 45 लाख 56 हजार रुपये की लागत के चार विकास कार्यों का भूमिपूजन और 29 करोड़ 39 लाख 92 हजार रुपये की लागत के आठ विकास कार्यों का लोकार्पण किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक मौजूद रहे।

- विकास कार्यों का भूमिपूजन
- शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल भैंसायागढ़ा में अतिरिक्त कक्ष, बायोलॉजी-केमेस्ट्री-फिजिक्स लैब निर्माण — 1.07 करोड़ रुपए
- वार्ड 07 में टीन शेड निर्माण — 9.22 लाख रुपए
- वार्ड 01 में टीन शेड निर्माण — 17.52 लाख रुपए
- वार्ड 04 में सीसी रोड निर्माण — 11.51 लाख रुपए
- विकास कार्यों का लोकार्पण
- 6 ग्राम पंचायतों (कुमेर, कोलबा, मोहम्मदपुर मछनई, कमालपुर, कांकरिया, गणेशपुर) में अटल पंचायत भवन — 2.25 करोड़ रुपए
- सामुदायिक भवन नांदनी — 25 लाख रुपए
- खरदौनकलां में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन — 2.95 करोड़ रुपए
- शुजालपुर-आष्टा मार्ग से अवंतिपुर बड़ोदिया मार्ग पुल — 6.89 करोड़ रुपए
- भैंसायागढ़ा से पिपलया नगर मार्ग पुल — 11.70 करोड़ रुपए
- प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खरदौनकलां — 2.95 करोड़ रुपए
- खेजड़िया स्टॉपडेम (बैराज) — 2.31 करोड़ रुपए
- 3 आंगनवाड़ी भवन — 9.16 लाख रुपए
किसानों की आय बढ़ाने पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़कर 55 लाख हेक्टेयर से अधिक हो चुका है और आने वाले सालों में इसे और बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अब किसानों को खरीफ और रबी फसल के लिए अलग-अलग ऋण लेने की आवश्यकता नहीं होगी। सरकार ऐसी व्यवस्था कर रही है कि पूरे साल के लिए एक ही फसल ऋण उपलब्ध कराया जाए, जिससे किसानों को बार-बार बैंक के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन राशि देने और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से गौपालकों को विशेष सहायता उपलब्ध कराने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि कृषि के साथ पशुपालन को मजबूत बनाकर किसानों की आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित की जाएगी।
हर गांव तक पहुंचेगा नर्मदा का पानी
मुख्यमंत्री ने कहा कि शाजापुर जिले के प्रत्येक गांव तक नर्मदा जल पहुंचाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नर्मदा जल उपलब्ध होने से किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलेगी और उन्हें रात के समय खेतों में जाकर मोटर चलाने की परेशानी से मुक्ति मिलेगी। साथ ही दिन में पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में भी सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि पार्वती-कालीसिंध-चंबल (PKC) परियोजना सहित विभिन्न नदी जोड़ो योजनाओं के माध्यम से लाखों हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी, जिसका लाभ शाजापुर सहित प्रदेश के अनेक जिलों के किसानों को मिलेगा।
महिलाओं, युवाओं और उद्योगों पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना के तहत अब तक लगभग 60 हजार करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में सीधे हस्तांतरित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में औद्योगिक निवेश तेजी से बढ़ रहा है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। सरकार का लक्ष्य उद्योग और कृषि दोनों क्षेत्रों को समान रूप से मजबूत करना है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि इसी महीने विधानसभा में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू कराने का प्रयास किया जाएगा।
वृक्ष गंगा अभियान का बनाया नया रिकॉर्ड
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कालापीपल क्षेत्र में चल रहे चार लाख पौधे लगाने के अभियान की सराहना करते हुए इसे "वृक्ष गंगा" का नया रिकॉर्ड बताया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण जनभागीदारी से ही संभव है और प्रत्येक नागरिक को पौधरोपण में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कालापीपल कृषि उपज मंडी परिसर में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधरोपण भी किया और लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
12 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन
मुख्यमंत्री ने जिन विकास कार्यों का भूमिपूजन किया, उनमें भैंसायागढ़ा शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में अतिरिक्त कक्ष और विज्ञान प्रयोगशालाओं का निर्माण, दो वार्डों में टीन शेड निर्माण तथा एक वार्ड में सीसी रोड निर्माण शामिल हैं।

वहीं लोकार्पित परियोजनाओं में छह ग्राम पंचायतों में अटल पंचायत भवन, नांदनी का सामुदायिक भवन, खरदौनकलां का नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, शुजालपुर-आष्टा मार्ग से अवंतिपुर बड़ोदिया पुल, भैंसायागढ़ा-पिपलया नगर मार्ग पुल, खेजड़िया स्टॉप डेम (बैराज) तथा तीन आंगनवाड़ी भवन प्रमुख हैं। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और आवागमन की सुविधाएं मजबूत होंगी।
16 सड़कों और रेलवे ओवरब्रिज की घोषणा
कालापीपल विधायक घनश्याम चंद्रवंशी की मांग पर मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र की 16 प्रमुख सड़कों के निर्माण और उन्नयन की घोषणा की। इनमें शिवपुरी-बदलपुर-हर्राजखेड़ा मार्ग, मैना-रामपुर पवाड़िया-सलकनखेड़ी मार्ग, मरेठी-निपानिया खंजर मार्ग सहित कई ग्रामीण सड़कें शामिल हैं। इसके अलावा सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी की मांग पर मुख्यमंत्री ने कालापीपल में रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) बनाने की भी घोषणा की, जिससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और अधिक सुगम होगी।

शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी मिलेगी मजबूती
उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदरसिंह परमार ने कहा कि शाजापुर जिला तेजी से शिक्षा का केंद्र बन रहा है। उन्होंने बताया कि शाजापुर में मेडिकल कॉलेज, शुजालपुर में आयुर्वेदिक कॉलेज तथा कई सांदीपनि विद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने अरनियाकलां में महाविद्यालय खोलने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।

सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने लोकसभा क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया, जबकि विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने मुख्यमंत्री के छठी बार कालापीपल आगमन का स्वागत करते हुए क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्ताव रखे।
रोड शो में हुआ भव्य स्वागत
मुख्यमंत्री के कालापीपल आगमन पर नायरा पेट्रोल पंप से कार्यक्रम स्थल तक भव्य रोड शो निकाला गया। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों ने पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और साफा पहनाकर उनका स्वागत किया। हेलीपैड पर मंत्री इंदरसिंह परमार, सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी और विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री की अगवानी की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष हेमराज सिंह सिसोदिया, नगर परिषद अध्यक्ष जयप्रकाश अग्रवाल, नगरपालिका शुजालपुर अध्यक्ष बबीता परमार, संभागायुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर ऋजु बाफना, पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।
Varsha Shrivastava 
