राष्ट्रीय युवा संसद में सिंगरौली की प्रगति पांडेय का शानदार प्रदर्शन, दो सम्मान से हुईं सम्मानित

सिंगरौली की प्रगति पांडेय ने जयपुर में आयोजित तीसरी राष्ट्रीय युवा संसद में उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुति और सक्रिय सहभागिता के लिए दो सम्मान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया.

राष्ट्रीय युवा संसद में सिंगरौली की प्रगति पांडेय का शानदार प्रदर्शन, दो सम्मान से हुईं सम्मानित

सिंगरौली। राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित तीसरी राष्ट्रीय युवा संसद "देश की बात, युवाओं के साथ" में सिंगरौली जिले के देवसर क्षेत्र की प्रगति पांडेय ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। 3 और 4 जुलाई 2026 को आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन, सांस्कृतिक प्रस्तुति और सक्रिय सहभागिता के लिए दो अलग-अलग प्रमाणपत्रों से सम्मानित किया गया।

राष्ट्रीय युवा संसद के तहत आयोजित सांस्कृतिक संध्या "विरासत से मिलन" में प्रगति पांडेय ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से उपस्थित दर्शकों और आयोजकों का दिल जीत लिया। उनकी कला, उत्साह और समर्पण को देखते हुए मंच मिनिस्ट्री और युवा साथी संगठन की ओर से उन्हें प्रशंसा प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।

इसके अलावा राजस्थान विधानसभा परिसर में आयोजित तीसरी राष्ट्रीय युवा संसद में विभिन्न विषयों पर सक्रिय सहभागिता और सकारात्मक योगदान के लिए भी उन्हें सहभागिता प्रमाणपत्र से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके नेतृत्व कौशल, रचनात्मक सोच और सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय भागीदारी का प्रतीक माना जा रहा है।

राष्ट्रीय स्तर के इस कार्यक्रम का आयोजन मंच मिनिस्ट्री एवं युवा साथी संगठन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। प्रगति को प्रदान किए गए प्रमाणपत्रों पर राष्ट्रीय युवा संसद एवं मंच मिनिस्ट्री के संस्थापक मोहित शर्मा तथा युवा साथी संगठन के संस्थापक मनु कंबोज के हस्ताक्षर अंकित हैं।

प्रगति पांडेय की इस उपलब्धि पर उनके परिजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है। राष्ट्रीय मंच पर मिली यह सफलता न केवल सिंगरौली बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।