रीवा में 900 से अधिक नशीली कफ सिरप के साथ महिला समेत 4 तस्कर गिरफ्तार

चोरहटा पुलिस ने रेलवे ट्रैक के पास कार्रवाई कर 915 शीशी नशीली कफ सिरप के साथ एक महिला समेत 4 तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दो वाहन भी जब्त किए हैं।

रीवा में 900 से अधिक नशीली कफ सिरप के साथ महिला समेत 4 तस्कर गिरफ्तार
पब्लिकवाणी

जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चोरहटा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने टेकुआ शिवकंठ नगर रेलवे ट्रैक के पास घेराबंदी कर कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 915 शीशी नशीली कफ सिरप बरामद की गई है। साथ ही एक बाइक और एक स्कूटी भी जब्त की गई है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग बड़ी मात्रा में नशीली कफ सिरप लेकर रेलवे ट्रैक के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चारों तरफ से घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर तीन बोरियों में भरी 915 शीशी अवैध कफ सिरप बरामद हुई। जब्त कफ सिरप की कीमत करीब 1 लाख 82 हजार रुपए बताई जा रही है।

पुलिस की जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में अनिकेत सिंह (22) निवासी अमहिया, रीवा, रावेन्द्र साकेत (35) निवासी रानी तालाब, रीवा, अमरीश शुक्ला (18) निवासी गुढ क्षेत्र, रीवा और रानू उर्फ सपना साकेत (23) निवासी छतरपुर, हाल मुकाम रीवा शामिल हैं। इनमें रानू उर्फ सपना साकेत पहले भी नशीली कफ सिरप के मामले में पकड़ी जा चुकी है।

चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान मेडिकल नशे के कारोबार से जुड़े कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस उनकी जानकारी जुटा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह कार्रवाई रीवा जोन में IG के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत की गई। कार्रवाई में बिछिया थाना प्रभारी आईपीएस राजीव अग्रवाल, चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला और उनकी टीम शामिल रही।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS  एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।