रीवा में जैन साध्वियों की मौत मामले की जांच करेगी SIT
रीवा में सड़क हादसे में दो जैन साध्वियों की मौत के बाद पुलिस ने SIT गठित की है। जैन समाज ने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की थी।
रीवा में दो जैन साध्वियों की मौत वाले सड़क हादसे की जांच अब SIT करेगी। यह हादसा 20 मई की सुबह सिविल लाइन थाना इलाके में कलेक्ट्रेट के सामने हुआ था जिसमें तेज रफ्तार कार ने सड़क पर जा रही दो जैन साध्वियों को टक्कर मार दी थी। हादसे में आर्यिका श्रुतमति माता और उपशममति माता की मौके पर ही मौत हो गई थी।
घटना के बाद पुलिस ने कार चालक को जबलपुर से पकड़ लिया था। लेकिन बाद में हादसे का वीडियो सामने आया, जिसे देखकर जैन समाज के लोगों ने शक जताया कि यह सिर्फ एक्सीडेंट नहीं बल्कि सुनियोजित घटना भी हो सकती है। इसी को लेकर समाज के लोगों ने लगातार निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शी अभिषेक जैन ने भी पुलिस को आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। इसके बाद SP डॉ. गुरुकरण सिंह ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल यानी SIT बना दी।
टीम में ये हैं शामिल
यह SIT एडिशनल एसपी ग्रामीण संदीप मिश्रा के नेतृत्व में काम करेगी। टीम में CSP सिविल लाइन डॉ. रितु उपाध्याय, सिविल लाइन थाना प्रभारी विजय सिंह बघेल, विश्वविद्यालय थाना प्रभारी हितेंद्र नाथ शर्मा, ट्रैफिक इंचार्ज अनीमा शर्मा, SI दलजीत सिंह, साइबर सेल के SI गौरव मिश्रा, एमटी शाखा प्रभारी सूबेदार सुगम चतुर्वेदी, प्रधान आरक्षक त्रिदेव तिवारी और आरक्षक अंशुमान सोनी को शामिल किया गया है।
सोमवार को जैन समाज के लोगों ने शहर में मौन जुलूस भी निकाला और प्रशासन से मांग की कि मामले की पूरी सच्चाई सामने लाई जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो। अब एसआईटी हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करेगी, जिसमें वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और कार चालक की गतिविधियों की भी पड़ताल की जाएगी।
Saba Rasool 
