भू-माफियाओं के हौसले बुलंद: हनुमान मंदिर की सरकारी जमीन पर जारी है अवैध कब्जा

रीवा जिले के बक्क्षेरा गांव में हनुमान मंदिर की सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण का आरोप लगा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से कब्जा हटाने की मांग की है।

भू-माफियाओं के हौसले बुलंद: हनुमान मंदिर की सरकारी जमीन पर जारी है अवैध कब्जा

रीवा जिले के रायपुर कर्चुलियान क्षेत्र के बक्क्षेरा गांव (सीता टोला) में सरकारी जमीन पर कब्जे का मामला सामने आया है। गांव के लोगों का कहना है कि गांव के ही इंद्रपाल तिवारी, उनकी पत्नी दमयंती तिवारी और उनके बेटे विवेक तिवारी ने हनुमान मंदिर की जमीन पर अवैध निर्माण कर लिया है।

ग्रामीणों के मुताबिक ये जमीन सरकारी है और इसी जमीन पर कई साल पुराना हनुमान मंदिर बना हुआ है। ये मंदिर पूरे गांव की आस्था का केंद्र है। लोगों का आरोप है कि मंदिर के आसपास अपना सामान रखकर जगह घेर ली गई है, जिससे पूजा करने में परेशानी हो रही है।

रास्ता भी किया बंद

गांव वाली ने बताया कि आदिवासी बस्ती से सीता टोला जाने वाला रास्ता भी दीवार बनाकर बंद किया जा रहा है। इससे लोगों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है।

रोक के बाद भी चलता रहा काम

लोगों का कहना है कि प्रशासन ने निर्माण रोकने के आदेश दिए थे, फिर भी काम चलता रहा। इससे प्रशासन की लापरवाही सामने आ रही है।

सीमांकन के समय हुआ विवाद

12 जनवरी 2026 को पटवारी जमीन की नाप कर रहा था। इसी दौरान विवाद हुआ। आरोप है कि शिकायत करने वाले काशीनाथ तिवारी के साथ मारपीट की गई और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।

कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने कलेक्टर, SDM और तहसीलदार को शिकायत दी है। विधायक ने भी पत्र लिखा, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। गांव के लोग मांग कर रहे हैं कि कब्जा हटाया जाए और मंदिर की जमीन को खाली कराया जाए।