रीवा–मऊगंज में 18 करोड़ का डामर घोटाला, 44 लोगों पर FIR दर्ज

रीवा और मऊगंज में सड़क निर्माण के दौरान फर्जी बिल लगाकर करीब 18 करोड़ रुपये का घोटाला सामने आया है। EOW ने 44 अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

रीवा–मऊगंज में 18 करोड़ का डामर घोटाला, 44 लोगों पर FIR दर्ज

रीवा में सड़क निर्माण से जुड़ा एक बड़ा घोटाला सामने आया है। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने करीब 18 करोड़ रुपये से ज्यादा के डामर घोटाले में 44 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इस मामले में सरकारी अधिकारी, इंजीनियर और ठेकेदार सभी शामिल बताए जा रहे हैं।

जांच में पता चला है कि साल 2017 से 2021 के बीच सड़क बनाने के काम में गड़बड़ी की गई। असल में सस्ता और घटिया डामर इस्तेमाल किया गया, लेकिन कागजों में महंगा और अच्छी क्वालिटी वाला डामर दिखाया गया। इसके लिए इंडियन ऑयल के नाम पर फर्जी बिल तैयार किए गए और उन्हीं के आधार पर विभाग से करोड़ों रुपये का भुगतान ले लिया गया।

रीवा में इस तरह करीब 12 करोड़ 71 लाख रुपये का भुगतान फर्जी बिलों के जरिए लिया गया, जिसमें 27 लोगों को आरोपी बनाया गया है। वहीं मऊगंज में करीब 5 करोड़ 88 लाख रुपये का गबन सामने आया है, जहां 17 लोग आरोपी हैं। EOW का कहना है कि यह पूरा काम ठेकेदारों और विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से किया गया।

इस मामले में आरोपियों पर धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेज बनाने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। EOW अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहा है और आने वाले समय में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।