मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने पर रीवा में बवाल, NSUI ने फूंका चुनाव आयोग का पुतला
रीवा में मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के विरोध में NSUI कार्यकर्ताओं ने कॉलेज चौराहे पर प्रदर्शन कर चुनाव आयोग का पुतला फूंका। आरोपों के आधार पर नामांकन रद्द होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद से पूरे प्रदेश में कांग्रेस और उसके छात्र संगठन, कार्यकर्ता लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को रीवा के कॉलेज चौराहे पर NSUI के कार्यकर्ताओं ने जोरदार हंगामा किया और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उसका पुतला फूंका। इस प्रदर्शन का नेतृत्व एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष पंकज उपाध्याय कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात रहा।

दरअसल, कांग्रेस ने मीनाक्षी नटराजन को मध्य प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार बनाया था, लेकिन चुनाव आयोग के सामने उनके चुनावी हलफनामे को लेकर एक आपत्ति दर्ज कराई गई थी। इस आपत्ति में मीनाक्षी नटराजन पर अपने हलफनामे में एक मामले को छिपाने का आरोप लगाया गया था, जिसे सही मानते हुए रिटर्निंग ऑफिसर ने उनका नामांकन फॉर्म रद्द कर दिया।



