पैसा डबल करने के नाम पर हुआ करोड़ों का फ्रॉड! पीड़ित पहुंचे SP ऑफिस

रीवा में 90 दिन में पैसा डबल करने का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी का आरोप लगा है। बड़ी संख्या में पीड़ित SP कार्यालय पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पैसा डबल करने के नाम पर हुआ करोड़ों का फ्रॉड! पीड़ित पहुंचे SP ऑफिस
AI Image

रीवा में एक बड़े घोटाले का मामला उजागर हुआ है। आरोप है कि कुछ लोगों ने 90 दिन में पैसा डबल करने और गोल्ड स्कीम में ज्यादा मुनाफा दिलाने का लालच देकर कई लोगों से करोड़ों रुपये जमा करा लिए। जब इन्वेस्टर्स ने अपना पैसा वापस मांगा तो उन्हें न तो रकम मिली और न ही कोई जवाब।

करोड़ो का घोटाला उजागर 

इसी मामले को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में पीड़ित SP ऑफिस पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना है कि बाणसागर कॉलोनी की रहने वाली आकिला सुलताना उर्फ नंदा, उसके पति असलम अंसारी और उसके साथियों ने लोगों को भरोसा दिलाया था कि 90 दिन में उनकी रकम दोगुनी कर दी जाएगी। 

आरोप ये भी है की इसमें उनका साथ वकील विकास मिश्रा (बंटू), बहन आरिफा सुल्ताना, बहनोई अफसर अली ने दिया। इसी भरोसे में रीवा, सतना, सीधी और आसपास के कई लोगों ने लाखों रुपये इन्वेस्ट कर दिए।

पैसा वापस नहीं मिला 

पीड़ितों का आरोप है कि इन्वेस्टमेंट के समय उन्हें सिक्योरिटी के तौर पर चेक भी दिए गए थे, लेकिन तय समय पूरा होने के बाद न पैसा मिला और न ही कोई वादा पूरा किया गया। जब लोगों ने अपनी जमा पूंजी वापस मांगी तो उन्हें लगातार टालमटोल किया गया। कुछ लोगों का कहना है कि पैसे मांगने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और धमकियां भी दी गईं। 

पीड़िता यासमीन अंसारी ने शिकायत में बताया कि अगस्त से अक्टूबर 2025 के बीच उनसे करीब 32 लाख रुपये लिए गए। उनके पास UPI ट्रांजेक्शन, व्हाट्सएप चैट, ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य दस्तावेज मौजूद हैं, जिन्हें उन्होंने सबूत के तौर पर पुलिस को सौंपने की बात कही है।

आरोपी दंपति हुए फरार!

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि मुख्य आरोपी पति-पत्नी अपने घर से फरार हो चुके हैं, जबकि मामले से जुड़े कुछ अन्य लोग अभी भी शहर में मौजूद हैं। पीड़ितों ने पुलिस से FIR दर्ज कर जांच कराने और उनकी फंसी हुई रकम वापस दिलाने की मांग की है।

SP कार्यालय पहुंचे लोगों का कहना है कि इस घोटाले से बड़ी तादाद में परिवार प्रभावित हुए हैं और कई लोगों की जीवनभर की कमाई फंस गई है। फिलहाल पुलिस शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।