Satna Theft Case : सूने मकान का ताला तोड़कर नकदी-जेवर चोरी, डेढ़ लाख के गहने ले गए बदमाश
Satna Theft Case : फोरेंसिक टीम ने जुटाए फिंगरप्रिंट, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
Satna Theft Case : सतना। शहर के बदखर स्थित वार्ड क्रमांक 12 में सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात बदमाशों ने नकदी और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित के मुताबिक, चोरी गए जेवरों की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए है। घटना की जानकारी सोमवार सुबह मिलने पर बाबूपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
भाई परिवार सहित गांव गए थे, उनके घर सोए
जानकारी के अनुसार, सुरेश मिश्रा का बदखर के वार्ड क्रमांक 12 में मकान है। पड़ोस में ही उनके भाई शिवनारायण का घर है। रविवार को उनके भाई शिवनारायण सपरिवार गांव गए हुए थे। जहां रात में सुरेश अपने परिवार के साथ सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उनके सूने मकान को निशाना बनाया। चोरों ने पहले दरवाजे का ताला तोड़ा, फिर अंदर रखी आलमारी का लॉकर तोड़कर नकदी और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सुबह चोरी का पता चलने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। बाबूपुर चौकी प्रभारी शुभम नागभिरे टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने फिंगरप्रिंट सहित अन्य साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

