वर्क फ्रॉम होम का जाल: पहले दिया कमीशन, फिर युवक से ठग लिए 8 लाख
इंस्टाग्राम पर वर्क फ्रॉम होम विज्ञापन के झांसे में आकर सतना के युवक से साइबर ठगों ने 8 लाख रुपये ठग लिए।
सतना: मध्य प्रदेश के सतना जिले में इंस्टाग्राम रील देखते समय दिखा एक आकर्षक विज्ञापन एक युवक के लिए भारी पड़ गया। वर्क फ्रॉम होम के नाम पर साइबर अपराधियों ने ऐसा जाल बिछाया कि युवक से करीब 8 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर सेल में दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के धवारी निवासी शिवम त्रिपाठी 3 मार्च को इंस्टाग्राम पर रील देख रहे थे। इसी दौरान उन्हें घर बैठे पैसे कमाने का एक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन में वर्क फ्रॉम होम के जरिए कमाई का दावा किया गया था। युवक ने उस लिंक पर क्लिक किया, जिसके बाद वह एक वेबसाइट पर पहुंच गया।

व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर बनाया भरोसा:
वेबसाइट पर लॉगिन करने के बाद शिवम को एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया, जहां कई लोग पहले से जुड़े हुए दिखाई दे रहे थे। ग्रुप में मौजूद लोगों ने बताया कि अगर वह 200 रुपये का निवेश करेंगे तो 100 रुपये का कमीशन मिलेगा।
शुरुआत में भरोसा दिलाने के लिए शिवम ने 200 रुपये निवेश किए और उन्हें 100 रुपये का कमीशन भी मिल गया। कमीशन मिलने के बाद उन्हें लगा कि यह काम सही है।
धीरे-धीरे बढ़वाया निवेश:
इसके बाद साइबर ठगों ने अलग-अलग टास्क और ऑफर का लालच देकर बार-बार पैसे निवेश करवाना शुरू कर दिया। भरोसा और लालच के जाल में फंसकर शिवम ने कई बार ट्रांजेक्शन किए और देखते ही देखते निवेश की रकम 8 लाख रुपये तक पहुंच गई।
पैसा निकालने की कोशिश में खुला राज:
जब शिवम ने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो अचानक व्हाट्सएप ग्रुप में किसी का जवाब आना बंद हो गया और उनका अकाउंट भी खाली हो चुका था। तभी उन्हें एहसास हुआ कि वे साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं।

साइबर सेल में शिकायत:
ठगी का पता चलने के बाद पीड़ित ने तुरंत साइबर अपराध हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई और साइबर सेल में ऑनलाइन एफआईआर भी कर दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

